वोट चोरी के आरोपों पर राहुल गांधी के समर्थन में उतरे डीके शिवकुमार, बोले-कोई ताकत नहीं दबा सकती आवाज
चुनावी गड़बड़ियों के जुटाए जा रहे ठोस साक्ष्य
बेंगलुरु। कर्नाटक के मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर चुनाव आयोग के खिलाफ विपक्ष के तीखे तेवरों के बीच कांग्रेस नेता राहुल गांधी के समर्थन में उतर आए हैं। शिवकुमार ने कथित वोट चोरी के खिलाफ राहुल गांधी की मुहिम का पुरजोर बचाव करते हुए मंगलवार को कहा कि गिरफ्तारी या दबाव की कोई भी कोशिश कांग्रेस नेता की आवाज को दबा नहीं सकती है।
शिवकुमार ने संवाददाताओं से बातचीत करते हुए स्पष्ट किया कि राहुल गांधी देश की जनता और मतदाताओं के अधिकारों की लड़ाई लड़ रहे हैं तथा वह इस अभियान को रोकने की कोशिशों से पीछे हटने वाले नहीं हैं। उन्होंने कहा, उन्हें रोकने दीजिए, उन्हें गिरफ्तार करने दीजिए। राहुल गांधी को इसकी कोई परवाह नहीं है, क्योंकि वे देश के लोगों और मतदाताओं के हक के लिए संघर्ष कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कई चुनाव क्षेत्रों से चुनावी अनियमितताओं के दस्तावेजी साक्ष्य जुटा रही है और इस मामले को चुनाव आयोग तथा अन्य सक्षम अधिकारियों के समक्ष मजबूती से उठाएगी। शिवकुमार ने आरोप लगाया कि महादेवपुरा और कई अन्य क्षेत्रों में मतदाता फॉर्म और मतदाताओं के नाम काटने से जुड़े गंभीर मामले सामने आए हैं। उन्होंने कहा कि इसके लिए जिम्मेदार लोगों को जवाब देना होगा कि ये फॉर्म कैसे हासिल किए गए और इनका इस्तेमाल कैसे हुआ।
उन्होंने कहा, अगर कार्यकर्ताओं ने फॉर्म जमा किए हैं, तो उन्हें बताना होगा कि ये फॉर्म किसने दिए। इस पूरे मामले की गहन जांच होनी चाहिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस की चिंता सिर्फ अपने समर्थकों तक सीमित नहीं है, बल्कि विपक्षी दलों का समर्थन करने वाले हर योग्य मतदाता के लोकतांत्रिक अधिकार की रक्षा करना सरकार का कर्तव्य है। उन्होंने कहा, विरोधी दलों के मतदाताओं के अधिकार की रक्षा करना भी मेरा नैतिक कर्तव्य है। हम किसी भी वोट का दुरुपयोग नहीं होने देंगे। किसी भी वैध मतदाता का नाम सूची से नहीं कटना चाहिए।
शिवकुमार ने कहा कि चुनाव आयोग ने निर्वाचक पंजीयन अधिकारियों (ईआरओ) और तालुका स्तर के अधिकारियों को मतदाता सूची से नाम हटाने से पहले उचित प्रक्रिया का पालन करने और विवरण का पूर्ण सत्यापन करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि जिन मतदाताओं के नाम कट गए हैं, वे नियमानुसार फॉर्म-6 भरकर अपना नाम दोबारा जुड़वा सकते हैं, वहीं पुरानी मतदाता सूचियों की भी जांच की जानी चाहिए।
राहुल गांधी की मुहिम का बचाव करते हुए शिवकुमार ने कहा कि एसआईआर का यह मुद्दा नागरिकों के लोकतांत्रिक मताधिकार से सीधा जुड़ा है। उन्होंने कहा, लोकसभा में विपक्ष के नेता के रूप में राहुल गांधी अपना संवैधानिक दायित्व निभा रहे हैं। वे अपना काम कर रहे हैं और इसमें कुछ भी गलत नहीं है। मुख्यमंत्री ने कहा, वे न तो राहुल गांधी की आवाज दबा सकते हैं और न ही मेरी आवाज रोक सकते हैं।
उन्होंने कहा कि कर्नाटक सरकार चुनाव आयोग का पूरा सहयोग कर रही है और एसआईआर प्रक्रिया पर स्पष्टीकरण मांगा गया है, हालांकि कांग्रेस इस प्रक्रिया के सभी पहलुओं से संतुष्ट नहीं है। उन्होंने कहा, हमें समाज के हर वर्ग के अधिकारों की रक्षा करनी है। प्रत्येक नागरिक को अपना वोट डालने का अधिकार मिलना ही चाहिए।

Comment List