हासन में हाथी का आतंक, महिला की मौत के बाद ग्रामीणों का वन विभाग के खिलाफ प्रदर्शन
बिजली की बाड़ लगाने वाला किसान गिरफ्तार
हासन। कर्नाटक में हासन जिले के बेलूर तालुक में एक जंगली हाथी के हमले में एक महिला की मौत हो गई है। इस घटना के बाद लोगों ने विरोध-प्रदर्शन किया और वन विभाग पर आरोप लगाया कि वे इस तरह की वारदातों को रोकने में लापरवाही बरत रहे हैं।मृतक महिला की पहचान जयाम्मा के रूप में हुई है। शनिवार शाम को वह बिक्कोडु होबली के तगारे गांव के पास एक बागान इलाके में अपनी भेड़ें चरा रही थी, तभी उसका सामना हाथी से हो गया। हाथी ने उस पर हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।
इस घटना के बाद नाराज ग्रामीणों ने विरोध-प्रदर्शन किया। उन्होंने हाथियों के बार-बार होने वाले हमलों को रोकने में नाकाम रहने और स्थानीय लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित न कर पाने के लिए वन विभाग को जिम्मेदार ठहराया। बेलूर, सकलेशपुर और आलूर तालुक के कुछ हिस्सों में अक्सर जंगली हाथी देखे जाते हैं। इलाके में इस वारदात की घटनाएं लगातार हो रही हैं, जिनमें कई लोगों की जान जा चुकी है और स्थानीय समुदायों में भारी चिंता है।
अगस्त में भी ऐसी ही एक घटना हुई थी, जिसमें बेलूर तालुक के अरेहल्ली स्थित हिरेहसादे गांव में 50 वर्षीय धर्मराजू की हाथी के हमले में मौत हो गई थी। वह लापता हो गया था और बाद में उसका शव मिला, जिसके बाद स्थानीय लोगों ने विरोध-प्रदर्शन किया था। इस बीच शनिवार को पड़ोसी चामराजनगर जिले में करंट लगने से एक मादा हाथी की जान चली गई। यह हथिनी एमएम हिल्स वन क्षेत्र के कोल्लेगल बफर रेंज में पाल्या गांव के पास मृत पाई गई। हाथी की सूंड मक्के के खेत के चारों ओर लगाई गई बिजली की बाड़ के संपर्क में आ गई थी। यह बाड़ हाथियों को फसलों को नुकसान पहुंचाने से रोकने के लिए लगाई गई थी।
पुलिस ने बाड़ लगाने वाले किसान को गिरफ्तार कर लिया है उस पर वन्यजीव (संरक्षण) अधिनियम और विद्युत अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है। इन दोनों घटनाओं ने कर्नाटक के जंगलों से सटे इलाकों में 'मानव-हाथी संघर्ष' और फसलों की सुरक्षा के लिए लगाई जाने वाली बिजली की बाड़ से जुड़े खतरों को फिर से चर्चा में ला दिया है।

Comment List