बस्तर में बाढ़ का कहर जारी! सेना के हेलीकॉप्टर से रेस्क्यू ऑपरेशन, 805 लोगों को सुरक्षित निकाला, 4,798 राहत शिविरों में
जिले में बाढ़ की स्थिति गंभीर
जगदलपुर। छत्तीसगढ़ के बस्तर जिले में बाढ़ की स्थिति गंभीर बनी हुई है और प्रभावित इलाकों में राहत एवं बचाव अभियान लगातार जारी है। डोंगाघाट सहित बाढ़ से घिरे क्षेत्रों में फंसे लोगों को निकालने के लिए सेना के हेलीकॉप्टर की मदद ली जा रही है। रविवार सुबह तक जिले में 805 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है, जबकि 42 राहत शिविरों में 4,798 प्रभावितों ने शरण ली है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार डोंगाघाट क्षेत्र में बाढ़ के बीच कई लोगों के फंसे होने के बाद हवाई रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया। सेना के हेलीकॉप्टर की मदद से फंसे लोगों को सुरक्षित निकाला जा रहा है। शुरुआत में 10 लोगों को हेलीकॉप्टर से सुरक्षित निकाले जाने की जानकारी सामने आई थी। इसके बाद भी अभियान लगातार जारी रहा।
बाढ़ के कारण शहर से लगे कुड़कानार क्षेत्र में भी स्थिति गंभीर बनी हुई है। यहां कई कच्चे मकान बाढ़ के पानी की चपेट में आने से ढह गए हैं। प्रभावित इलाकों में पानी का स्तर धीरे-धीरे कम हो रहा है, लेकिन कई स्थानों पर अभी भी सामान्य स्थिति बहाल नहीं हो सकी है।
बाढ़ से बेघर और प्रभावित बड़ी संख्या में लोग अपने घरेलू सामान के साथ राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे शरण लिए हुए हैं। इनमें महिलाएं, बुजुर्ग और छोटे बच्चे भी शामिल हैं। कई परिवार बीती रात से सड़क किनारे डटे हैं और पानी कम होने का इंतजार कर रहे हैं, ताकि वे अपने घरों तक वापस पहुंच सकें।
जिला प्रशासन के अनुसार बाढ़ प्रभावित लोगों के लिए जिले में कुल 42 राहत शिविर संचालित किए जा रहे हैं। इनमें सात शहरी राहत शिविरों में 1,808 और 35 ग्रामीण राहत शिविरों में 2,990 लोगों को ठहराया गया है। इस प्रकार राहत शिविरों में कुल 4,798 बाढ़ प्रभावित लोगों ने शरण ली है।
प्रशासन की ओर से प्रभावित क्षेत्रों की लगातार निगरानी की जा रही है। बाढ़ में फंसे लोगों को सुरक्षित निकालने के साथ ही राहत शिविरों में उनके ठहरने और आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था की जा रही है।

Comment List