इंडिया गठबंधन बिखरा हुआ है, एसआईआर पर विपक्ष फैला रहा भ्रम: भाजपा
विपक्ष संवैधानिक प्रक्रिया पर कर रहा राजनीति
पटना। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने कांग्रेस और इंडिया गठबंधन पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया है कि विपक्षी दलों के पास न स्पष्ट नीति है और न ही बिहार के विकास के लिए कोई ठोस एजेंडा और विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के मामले में विपक्षी पार्टियां भ्रम फैला रही हैं। भाजपा प्रवक्ता नीरज कुमार शर्मा ने कहा कि कांग्रेस की बैठकें केवल प्रदर्शन और दिखावे तक सीमित रह गई हैं, जबकि सीट बंटवारे और नेतृत्व को लेकर आपसी खींचतान ने पूरे इंडिया गठबंधन को बिखेर दिया है। उन्होंने एसआईआर के मुद्दे पर राष्ट्रीय जनता दल (राजद) और कांग्रेस द्वारा फैलाए जा रहे भ्रम को भी बेबुनियाद बताते हुए कहा कि विपक्ष संवैधानिक प्रक्रिया पर राजनीति कर रहा है।
शर्मा ने कहा कि कांग्रेस के पास न तो कोई स्पष्ट नीति बची है और न ही ऐसा संगठनात्मक ढांचा, जो जनता के बीच मजबूती से खड़ा दिखाई दे। उसकी बैठकें समीक्षा और निर्णय लेने का मंच बनने के बजाय प्रदर्शन और दिखावे का माध्यम बन गई हैं। यही स्थिति पूरे इंडिया गठबंधन की है, जहां सीटों के बंटवारे पर खींचतान, नेतृत्व को लेकर असमंजस और सहयोगी दलों के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है। गठबंधन के पास न साझा एजेंडा है और न ही कोई साझा संकल्प।
भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि इसके विपरीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की बैठकें ठोस उद्देश्यों के साथ होती हैं। इनमें संगठन की समीक्षा, आपसी समन्वय और जनहित से जुड़े निर्णयों पर चर्चा की जाती है। सरकार और संगठन दोनों स्तरों पर राजग के घटक दल मिलकर काम करते हैं। बिहार को ऐसी ही एकजुटता और समन्वय की जरूरत है, जिससे विकास योजनाओं को प्रभावी ढंग से जमीन पर उतारा जा सके।

Comment List