नरेन्द्र भूषण ने पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय के सचिव का पद संभाला: 3 दशकों का प्रशासनिक अनुभव, विभिन्न क्षेत्रों में किया काम
तीन दशकों के विस्तृत प्रशासनिक अनुभव के साथ संभाली जिम्मेदारी
नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश कैडर के 1992 बैच के भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) के अधिकारी नरेन्द्र भूषण ने पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्रालय के सचिव का पदभार गुरुवार को संभाल लिया। भूषण को केंद्र और राज्य सरकारों में तीन दशकों से अधिक का प्रशासनिक अनुभव है। उन्होंने ऊर्जा, बुनियादी ढांचे, उद्योग, कृषि, शहरी विकास, वित्त और भूमि-संसाधन प्रबंधन सहित विभिन्न क्षेत्रों में काम किया है।
इससे पहले ग्रामीण विकास मंत्रालय के भूमि संसाधन विभाग के सचिव रहे भूषण ने उत्तर प्रदेश में ऊर्जा और अपर ऊर्जा स्रोत तथा तकनीकी शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव सहित कई वरिष्ठ पदों पर कार्य किया। वह लोक निर्माण विभाग, बुनियादी ढांचा एवं उद्योग विकास, आईटी एवं इलेक्ट्रॉनिकी, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी तथा पंचायती राज विभागों के प्रधान सचिव भी रहे हैं।
उन्होंने ग्रेटर नोएडा अथॉरिटी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) के अलावा मथुरा, फिरोजाबाद और उधम सिंह नगर के जिला मजिस्ट्रेट के रूप में भी सेवाएं दी हैं। केंद्र सरकार में भूषण ने यूआईडीएआई में उप महानिदेशक, राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा मिशन में मिशन निदेशक और कृषि एवं सहयोग विभाग में संयुक्त सचिव के रूप में कार्य कर चुके भूषण वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय के तहत भारतीय व्यापार संवर्द्धन संगठन (आईटीपीओ) में विशेष कार्य अधिकारी भी रहे हैं। भूषण ने इलेक्ट्रॉनिकी में स्नातक तथा अमेरिका की ड्यूक यूनिवर्सिटी से इंटरनेशनल डेवलपमेंट पॉलिसी में मास्टर डिग्री हासिल की है।

Comment List