नोएडा: नकली सोना दिखाकर लाखों की ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश, महिला समेत तीन संदिग्ध गिरफ्तार
अज्ञात लोगों पर बिना जांच के विश्वास न करें
नोएडा। उत्तर प्रदेश के मध्य नोएडा में बिसरख थाना पुलिस ने आमजन को खुदाई में सोना-चांदी मिलने का झांसा देकर नकली आभूषणों के जरिए लाखों रुपये की ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने स्थानीय खुफिया और सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के आधार पर गिरोह के दो पुरुष आरोपियों और एक महिला आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से ठगी की घटना से संबंधित एक लाख बीस हजार रुपये नकद और पीली धातु की चैन वाली झालर बरामद हुई है। इसके अलावा पुलिस ने आरोपियों की 2-2 लाख रुपये की दो एफडी भी फ्रीज कराई हैं।
पुलिस ने जानकारी देते हुए बताया कि, घटना के खुलासे के लिए पुलिस टीम ने स्थानीय खुफिया तंत्र को सक्रिय किया और क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। जांच के दौरान पुलिस को आरोपियों के संबंध में अहम सुराग मिले, जिसके आधार पर तीनों आरोपियों मनी मोहन और धर्मा को चार मूर्ति से एटीएस गोल चक्कर की तरफ जाने वाले रास्ते से गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपियों के पास से मुकदमे से संबंधित ठगी की रकम में से 1.20 लाख रुपये नकद बरामद किए।
इसके साथ ही एक पीली धातु की चैन वाली झालर भी बरामद हुई है। पुलिस ने आरोपियों के बैंक खातों से संबंधित 2-2 लाख रुपये की दो एफडी फ्रीज की हैं। बरामदगी और एफडी फ्रीज किए जाने की कार्रवाई को पुलिस ने ठगी की रकम से संबंधित अहम साक्ष्य बताया है।
बिसरख थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति ने सूचना दी थी कि दो अज्ञात पुरुषों और एक महिला ने उसके पिता को नकली सोने के आभूषणों से भरा बैग देकर टप्पेबाजी के माध्यम से लाखों रुपये की ठगी की। शिकायत के आधार पर बिसरख थाना में मुकदमा अपराध संख्या 575/2026, धारा 318(3) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया था।
पुलिस ने पूछताछ में सामने आए अपराध के तरीके की जानकारी दी, उन्होंने बताया कि आरोपी खुद को मजदूरी का काम करने वाला बताते थे। इसके बाद वे किसी आम व्यक्ति को यह झांसा देते थे कि उन्हें खुदाई के दौरान सोना-चांदी मिला है और वे उसे बेचना चाहते हैं। आरोपी पहले बातचीत के जरिए सामने वाले व्यक्ति का विश्वास जीतते थे। इसके बाद एक-दो दिन बाद नकली सोने-चांदी के आभूषण दिखाकर उन्हें बहुत कम कीमत में बेचने की पेशकश करते थे। कम दाम में सोना मिलने के लालच में व्यक्ति आरोपियों के झांसे में आ जाता था। इसके बाद आरोपी नकली आभूषण देकर ठगी की घटना को अंजाम देते और मौके से फरार हो जाते थे।
गिरफ्तार आरोपियो की पहचान मनी पत्नी शंकर, उम्र करीब 40 वर्ष, निवासी जे.जे. कॉलोनी, उत्तम नगर, थाना उत्तम नगर, दिल्ली। वर्तमान पता ग्राम पुराना हैबतपुर, थाना बिसरख,। मोहन पुत्र दुर्गा प्रसाद, उम्र करीब 43 वर्ष, निवासी जे.जे. कॉलोनी, उत्तम नगर, दिल्ली। वर्तमान पता ग्राम पुराना हैबतपुर, थाना बिसरख। धर्मा पुत्र राजा राम, उम्र करीब 45 वर्ष, निवासी भागीरथी विहार, हनुमान मंदिर वाली गली, भजनपुरा, थाना गोकुलपुरी, जिला दिल्ली। वर्तमान पता ग्राम पुराना हैबतपुर, थाना बिसरख के रूप में हुई है।
नकली सोना-चांदी दिखाकर कम कीमत में बेचने का झांसा देने वाले ठगों से सावधान रहने की जरूरत है। खुदाई में सोना मिलने या बेहद कम कीमत पर सोना बेचने की बात कहने वाले अज्ञात लोगों पर बिना जांच के विश्वास न करें। किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या ठगी की घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दें। बिसरख पुलिस की कार्रवाई से ऐसे गिरोहों पर शिकंजा कसने की उम्मीद है, जो लालच का फायदा उठाकर आम लोगों को नकली आभूषणों के जरिए ठगी का शिकार बनाते हैं।

Comment List