एनएसयूआई का जंतर-मंतर मार्च: विनोद जाखड़ समेत सैकड़ों कार्यकर्ता हिरासत में, मतदाता सूची से जुड़े सवालों पर ECI से मांगा जवाब
विनोद जाखड़ समेत सैकड़ों हिरासत में
नई दिल्ली। नेशनल स्टूडेंट यूनियन ऑफ इंडिया (एनएसयूआई) के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद जाखड़ के नेतृत्व में संगठन ने शुक्रवार को मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और गिरफ्तारी की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने पांच, रायसीना रोड स्थित संगठन के मुख्यालय से जंतर-मंतर की ओर मार्च किया। मार्च में सैकड़ों कार्यकर्ता शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने चुनावी प्रक्रिया में पारदर्शिता और जवाबदेही और मतदाता सूचियों और चुनाव संचालन से जुड़े मुद्दों पर निर्वाचन आयोग से जवाब देने की मांग की।
जंतर-मंतर की ओर बढ़ रहे प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए दिल्ली पुलिस ने बैरिकेडिंग की। इसके बाद पुलिस ने जाखड़ समेत सैकड़ों कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया। हिरासत में लिए जाने से पहले जाखड़ ने कहा कि छात्रों को हिरासत में लेकर लोकतंत्र की आवाज को नहीं दबाया जा सकता। उन्होंने चुनावी प्रक्रिया से जुड़े सवालों के जवाब सार्वजनिक रूप से देने की मांग की।

Comment List