बारिश नेपाल में, नदियां उफनी बिहार में : असम में लैंडस्लाइड से 5 और अरुणाचल में 9 की मौत
नेपाल में बारिश से बिहार के किशनगंज जिले की नदियां उफान पर
मानसून नॉर्थ ईस्ट राज्यों में पहुंच चुका है। अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, मिजोरम, सिक्किम में भारी बारिश हो रही है
नई दिल्ली। मानसून नॉर्थ ईस्ट राज्यों में पहुंच चुका है। अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, मिजोरम, सिक्किम में भारी बारिश हो रही है। असम में पिछले 24 घंटों में कामरूप जिले में लैंडस्लाइड के चलते 5 लोगों की मौत हो गई। बाढ़ से 10 हजार लोग प्रभावित हुए हैं। अरुणाचल में अचानक आई बाढ़ और लैंडस्लाइड से 9 लोगों की मौत हुई है। पूर्वी कामेंग जिले में शुक्रवार देर रात लैंडस्लाइड हुई। इसमें दो परिवारों के 7 लोगों की मौत हो गई।
मिजोरम के लॉन्ग्टलाई शहर में लैंडस्लाइड के कारण 5 घर और एक होटल ढह गया। सिक्किम में भारी बारिश के कारण थेंग और चुंगथांग इलाकों में भूस्खलन से कई घर मलबे में दब गए। नेपाल में बारिश से बिहार के किशनगंज जिले की नदियां उफान पर हैं। कनकई, बूढ़ी कनकई और मेची नदी का जलस्तर बढ़ गया है। इससे मक्का और सब्जी की फसल पूरी तरह से बर्बाद हो गई है। मई में बारिश का नया रिकॉर्ड : मई में मानसून की दस्तक ने बारिश का नया रिकॉर्ड बना दिया है। देश में 30 मई तक 116.6 मिमी बारिश दर्ज हुई है जो मई में सबसे अधिक बारिश का रिकॉर्ड है।

Comment List