छात्राओं से छेड़छाड़ की शिकायतों पर सड़क पर उतरे एसपी, जीवाजीगंज में पुलिस ने बढ़ाई निगरानी
असामाजिक तत्वों पर पुलिस का कड़ा प्रहार
मुरैना। मध्यप्रदेश में मुरैना शहर के जीवाजीगंज क्षेत्र में कोचिंग सेंटरों के आसपास छात्राओं से छेड़छाड़, उन्हें परेशान करने तथा मोटरसाइकिल और चार पहिया वाहनों से तेज रफ्तार में वाहन चलाकर दहशत फैलाने की शिकायतों के बाद मंगलवार को पुलिस अधीक्षक धर्मराज मीणा स्वयं सड़क पर उतरे। उनके नेतृत्व में पुलिस बल ने क्षेत्र में सघन भ्रमण किया। बताया गया है कि जीवाजीगंज क्षेत्र में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं विभिन्न कोचिंग सेंटरों में पढ़ने आते हैं। पिछले कुछ समय से कोचिंग सेंटरों के आसपास असामाजिक तत्वों के जमावड़े और छात्राओं को परेशान किए जाने की शिकायतें सामने आ रही थीं। क्षेत्र में हाल में हुई फायरिंग की घटनाओं के बाद छात्र-छात्राओं और उनके अभिभावकों में सुरक्षा को लेकर चिंता भी बढ़ गई थी।
लगातार मिल रही शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक मीणा मंगलवार को बड़ी संख्या में पुलिस बल के साथ जीवाजीगंज और आसपास के क्षेत्रों में पहुंचे तथा पुलिस व्यवस्था का जायजा लिया। पुलिस की मौजूदगी से मनचलों और असामाजिक तत्वों में हड़कंप की स्थिति बन गई। पुलिस अधीक्षक ने क्षेत्र के लोगों और अभिभावकों को भरोसा दिलाया कि वे चिंता न करें और अपने बच्चों को निडर होकर कोचिंग सेंटरों पर भेजें। उन्होंने कहा कि छात्र-छात्राओं की सुरक्षा पुलिस की प्राथमिकता है और कोचिंग सेंटरों के आसपास किसी भी तरह की अराजकता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने क्षेत्र में पहले से तैनात पुलिसकर्मियों को सतर्क रहने तथा असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर नजर रखने के निर्देश दिए। साथ ही छात्राओं को परेशान करने, तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाकर दहशत फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने को कहा।

Comment List