रात में खाए नूडल्स, सुबह उजड़ गया पूरा परिवार! नोएडा में कई लोगों की मोत
पुलिस तलाश रही जवाब
ग्रेटर नोएडा। उत्तर प्रदेश में ग्रेटर नोएडा के रबूपुरा थाना क्षेत्र के नगला गांव पदम में एक ही परिवार के 5 सदस्यों की मौत से इलाके में हड़कंप मच गया। मृतकों में दंपति और उनके 3 मासूम बच्चे शामिल हैं। शनिवार की सुबह घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी, एंबुलेंस और खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने घटना की जानकारी साझा करते हुए बताया कि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, परिवार के सदस्यों ने रात में नूडल्स खाए थे। ऐसे में प्रथम दृष्टया मामला 'फूड पॉइजनिंग से जुड़ा होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, अभी तक मौतों के वास्तविक कारण की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
आसपास के लोगों और मृतक महेश की माता ने पुलिस को बताया कि परिवार के सदस्यों ने बीती रात नूडल्स का सेवन किया था। इसके बाद हुई मौतों को देखते हुए खाद्य विषाक्तता की आशंका व्यक्त की जा रही है। हालांकि, केवल नूडल्स खाने की जानकारी के आधार पर मौतों का कारण निश्चित नहीं माना जा सकता। यह स्पष्ट होना अभी बाकी है कि परिवार के सदस्यों की तबीयत किस वजह से बिगड़ी और मौतों के पीछे कोई अन्य कारण तो नहीं था।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस और संबंधित विभागों ने तत्काल कार्रवाई शुरू कर दी। फील्ड यूनिट और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का गहन निरीक्षण किया तथा वैज्ञानिक साक्ष्य एकत्र करने की प्रक्रिया शुरू की। खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची, ताकि मामले से जुड़े संभावित खाद्य पदार्थों और अन्य परिस्थितियों की जांच की जा सके। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के अनुसार आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। एक ही परिवार के 5 सदस्यों की मौत की इस घटना ने खाद्य सुरक्षा और परिवार द्वारा सेवन किए गए भोजन को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। हालांकि, जांच पूरी होने तक फूड पॉइजनिंग को मौतों का निश्चित कारण मानना जल्दबाजी होगी।

Comment List