पश्चिम बंगाल में दर्दनाक हादसा: निर्माणाधीन कैप्टिव पावर प्लांट की चिमनी ढही, 4 लोगों के मौत की आशंका
राहत एवं बचाव दल द्वारा त्वरित रेस्क्यू ऑपरेशन
आसनसोल। पश्चिम बंगाल के पश्चिम बर्द्धमान जिले में आसनसोल के पास जामुड़िया स्थित एक निर्माणाधीन कैप्टिव पावर प्लांट में शनिवार देर शाम एक चिमनी का हिस्सा ढह जाने से बड़ा हादसा हो गया। शुरुआती रिपोर्टों के मुताबिक इस घटना में चार लोगों की मौत होने की आशंका है, हालांकि मौतों की संख्या को लेकर स्थानीय प्रशासन की ओर से आधिकारिक पुष्टि अभी तक कोई पुष्टि नहीं की गई है। चिमनी ढहने के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। मलबे के नीचे कई मजदूरों के दबे होने की आशंका है, जिससे हताहतों की संख्या बढ़ने का अंदेशा जताया जा रहा है। घटना के तुरंत बाद स्थानीय दमकल विभाग, जामुड़िया थाना पुलिस और राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल की टीमें राहत और बचाव कार्य के लिए मौके पर पहुंचीं। घटनास्थल से आई तस्वीरों में आपातकालीन कर्मी कंक्रीट का मलबा हटाकर फंसे लोगों को निकालते दिखे। घायल मजदूरों को इलाज के लिए एम्बुलेंस से आसनसोल जिला अस्पताल पहुंचाया गया।
बचाव कार्य जारी रहने के कारण घायल मजदूरों और मलबे में फंसे लोगों की सटीक संख्या का अभी पता नहीं चल सका है। आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट के पुलिस कमिश्नर डॉ प्रणव कुमार, पश्चिम बर्द्धमान के जिलाधिकारी एस पोन्नमबलम और जामुड़िया के विधायक डॉ बिजन मुखर्जी समेत वरिष्ठ प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों ने दुर्घटनास्थल का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया और राहत एवं बचाव कार्यों की निगरानी की।
मौके पर बचाव कार्यों की देखरेख करते हुए जामुड़िया विधायक डॉ बिजन मुखर्जी ने कहा, हमारी पहली प्राथमिकता मलबे में फंसे सभी मजदूरों को निकालकर अस्पताल पहुंचाना है। हादसे की जांच बाद में की जाएगी। सूत्रों के मुताबिक, हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए दो अलग-अलग जांच की जाएंगी, जिसमें जामुड़िया पुलिस और कारखाना निरीक्षक इस ढांचागत विफलता की स्वतंत्र जांच करेंगे। अभी तक पुलिस, नागरिक प्रशासन या निजी स्टील प्लांट प्रबंधन की ओर से इस घटना को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।

Comment List