राम मंदिर दान मामले पर सीएम योगी का बड़ा बयान, बोले- आस्था से खिलवाड़ नहीं करेंगे बर्दाश्त, विपक्षी दलों पर साधा निशाना

106 विकास परियोजनाओं का किया लोकार्पण एवं शिलान्यास

राम मंदिर दान मामले पर सीएम योगी का बड़ा बयान, बोले- आस्था से खिलवाड़ नहीं करेंगे बर्दाश्त, विपक्षी दलों पर साधा निशाना
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने देवरिया में ₹456 करोड़ की योजनाओं की सौगात देते हुए राम मंदिर दान प्रकरण पर सख्त रुख अपनाया। उन्होंने कहा कि एसआईटी रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई शुरू हो चुकी है और जनआस्था से खिलवाड़ करने वालों को परिणाम भुगतने होंगे। उन्होंने विपक्ष की राजनीतिक बयानबाजी पर भी निशाना साधा।

देवरिया। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने श्रीराम मंदिर तीर्थ क्षेत्र दान प्रकरण में पहली एफआईआर दर्ज होने के बाद कहा कि आस्था के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और विशेष जांच दल (एसआईटी) की रिपोर्ट प्राप्त होते ही सरकार ने कार्रवाई शुरू कर दी है। योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को देवरिया जिले के बरहज विधानसभा क्षेत्र के बरांव में 456.38 करोड़ रुपये लागत की 106 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इस अवसर पर उन्होंने प्रदेश सरकार की विकास योजनाओं, सुशासन और धार्मिक स्थलों के विकास का उल्लेख करते हुए विपक्षी दलों पर भी निशाना साधा। उन्होने कहा, "मैंने पहले भी कहा था कि दूध का दूध और पानी का पानी होकर रहेगा। जनआस्था के साथ जो भी खिलवाड़ करेगा, उसे उसके परिणाम भुगतने होंगे। किसी को भी ऐसी छूट नहीं दी जा सकती।"

मुख्यमंत्री ने कहा कि 19 जून को अयोध्या दौरे के दौरान उन्होंने स्पष्ट किया था कि अयोध्या देश की आस्था और सनातन परंपरा का केंद्र है तथा उसके संबंध में अनावश्यक आक्षेप नहीं लगाए जाने चाहिए। उन्होंने कहा कि एसआईटी की रिपोर्ट मिलते ही सरकार ने उसकी संस्तुतियों के अनुरूप कार्रवाई प्रारंभ कर दी है। उन्होंने प्रदेशवासियों और रामभक्तों से अयोध्या की गरिमा बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि अयोध्या और प्रभु श्रीराम की मर्यादा का सम्मान किया जाना चाहिए। मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि जो लोग आज आस्था की बात कर रहे हैं, वे पूर्व में भगवान राम के अस्तित्व पर सवाल उठाते रहे हैं तथा श्रीराम जन्मभूमि आंदोलन और मंदिर निर्माण का विरोध करते रहे।

मुख्यमंत्री ने बिना किसी व्यक्ति विशेष का नाम लिए कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि एक दल भगवान राम के अस्तित्व को ही नकारता रहा, जबकि दूसरे दल पर रामभक्तों पर गोली चलाने और धार्मिक आयोजनों में व्यवधान उत्पन्न करने के आरोप लगते रहे हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे लोगों द्वारा आस्था की बात करना उचित नहीं है। योगी आदित्यनाथ ने कहा कि सरकार की मंशा शुरू से स्पष्ट रही है और एसआईटी की सिफारिशों के अनुरूप कार्रवाई आगे बढ़ाई जा रही है। उन्होंने कहा कि यदि किसी के पास मामले से संबंधित ठोस प्रमाण हैं तो उन्हें जांच एजेंसी के समक्ष प्रस्तुत किया जाना चाहिए, जबकि निराधार आरोप-प्रत्यारोप से बचना चाहिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि वरिष्ठ अधिकारियों की टीम मामले की जांच कर रही है, इसलिए राजनीतिक बयानबाजी के बजाय जांच प्रक्रिया में सहयोग किया जाना चाहिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि जनता की ताकत और केंद्र तथा प्रदेश की डबल इंजन सरकार के सहयोग से अयोध्या में भगवान श्रीराम का भव्य मंदिर बन चुका है। उन्होंने कहा कि यह केवल मंदिर निर्माण नहीं, बल्कि करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था का सम्मान है। आज देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु अयोध्या पहुंच रहे हैं और राम मंदिर के दर्शन कर गौरव का अनुभव कर रहे हैं।

Read More प्रधानमंत्री मोदी की ऐतिहासिक न्यूजीलैंड यात्रा: ऑकलैंड में भारतीय समुदाय और द्विपक्षीय संबंधों पर रहेगा फोकस, पीएम लक्सन के साथ करेंगे द्विपक्षीय वार्ता

उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में केवल अयोध्या ही नहीं, बल्कि काशी, मथुरा-वृंदावन, नैमिषारण्य, विंध्यवासिनी धाम, प्रयागराज और कुशीनगर जैसे प्रमुख धार्मिक एवं सांस्कृतिक स्थलों का भी व्यापक विकास किया गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, महिला सुरक्षा और कानून व्यवस्था के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य हुए हैं। उन्होंने दावा किया कि डबल इंजन सरकार के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश विकास और सुशासन की दिशा में नई पहचान बना रहा है। दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल का नाम लेते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्हें दिल्ली की जनता ने लंबे समय तक सेवा का अवसर दिया, लेकिन अब वह अयोध्या आकर लोगों में भ्रम फैलाने का प्रयास कर रहे हैं। कार्यक्रम में कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही, केंद्रीय राज्य मंत्री कमलेश पासवान, परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह सहित क्षेत्र के सांसद, विधायक और अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Read More कांग्रेस का केंद्र पर बड़ा हमला: 'न्यूनतम सुशासन,अधिकतम लीपापोती' है सरकार की नीति, जयराम ने कहा- ना खाऊँगा, ना खाने दूँगा के दावे की वास्तविकता उजागर 

Post Comment

Comment List

Latest News

कैफे से लौट रहे युवक पर हमला : कार रुकवाकर की मारपीट, जानें पूरा मामला   कैफे से लौट रहे युवक पर हमला : कार रुकवाकर की मारपीट, जानें पूरा मामला  
प्रताप नगर थाना क्षेत्र में कैफे से घर लौट रहे 25 वर्षीय सूरज चौधरी पर 3-4 अज्ञात युवकों ने कार...
भारत-UK के बीच ऐतिहासिक व्यापार समझौता लागू, पीएम मोदी बोले- किसानों, MSME और प्रोफेशनल्स के लिए खुले नए अवसर
जयपुर में गूंजा देशभक्ति का जज्बा, 'तिरंगा: ए जर्नी' ने बांधा समां
राज्यसभा के नवनिर्वाचित सदस्यों ने ली शपथ, कांग्रेस के खान और बीजेपी के अग्रवाल को सभापति ने दिलाई शपथ
UN में भारत का बड़ा संदेश: ऊर्जा परिवर्तन के लिए सुरक्षित वैश्विक सप्लाई चेन जरूरी, खनिज बनें विकास का इंजन
ईसीएलजीएस 5.0 से एमएसएमई को मिलेगा नया संबल, वैश्विक संकट के बीच अर्थव्यवस्था रहेगी मजबूत: मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास
रसोई गैस उपभोक्ताओं के लिए अच्छी खबर! इंस्टामार्ट पर मिलेगा अब एलपीजी सिलेंडर, जल्द शुरू होगी ऑन-डिमांड डिलीवरी सेवा