एडहॉक कमेटी ने घरेलू क्रिकेट सुधार के लिए जिलों से मांगे सुझाव : दौसा, चूरू और झुंझुनूं ने कहा- कमजोर जिलों को इन्फ्रास्ट्रक्चर के लिए मिले मदद
समन्वय के साथ निकालेंगे समस्याओं का समाधान
राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन की एडहॉक कमेटी ने घरेलू क्रिकेट मजबूत करने के लिए जिला संघों से सुझाव लेना शुरू। प्रतिनिधियों ने सभी जिलों को समान सुविधाएं देने और कमजोर क्षेत्रों में इंफ्रास्ट्रक्चर सुधार पर जोर। कमेटी 33 जिलों से समन्वय कर खिलाड़ियों को बेहतर अवसर और सुविधाएं उपलब्ध कराने की योजना बना रही।
जयपुर। राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन (आरसीए) की एडहॉक कमेटी घरेलू क्रिकेट ढांचे को मजबूत करने के लिए सक्रिय पहल कर रही है। इसी कड़ी में कमेटी ने जिला क्रिकेट संघों से सुझाव लेने की प्रक्रिया शुरू की है, ताकि जमीनी स्तर पर विकास के लिए ठोस और प्रभावी योजना बनाई जा सके। बैठक में दौसा के सचिव बृजकिशोर उपाध्याय, चूरू के सुशील शर्मा और झुंझुनूं के हरिश्चन्द्र सिंह मौजूद रहे, जबकि जयपुर जिला क्रिकेट संघ की एडहॉक कमेटी के कन्वीनर राजेश ताम्बी भी शामिल हुए। आरसीए एडहॉक कमेटी के कन्वीनर डॉ. मोहित यादव, सदस्य आशीष तिवाड़ी और अरिष्ट सिंघवी ने जिला पदाधिकारियों के साथ विस्तृत चर्चा की।
सबको साथ लेकर चलना जरूरी :
सूत्रों के अनुसार, बैठक में सभी जिलों के प्रतिनिधियों ने एक स्वर में कहा कि क्रिकेट के समग्र विकास के लिए सभी जिलों को समान रूप से साथ लेकर चलना जरूरी है। प्रतिनिधियों ने इस बात पर जोर दिया कि आरसीए की सुविधाएं हर जिले तक समान रूप से पहुंचनी चाहिएं, ताकि खिलाड़ियों को अवसरों की कमी न हो। उन्होंने यह भी बताया कि कई जिलों में बुनियादी क्रिकेट सुविधाओं का अभाव है, न पर्याप्त मैदान हैं और न ही प्रशिक्षण की समुचित व्यवस्था। इसके चलते प्रतिभाशाली खिलाड़ी बेहतर सुविधाओं के लिए अन्य जिलों का रुख करने को मजबूर हैं। जिला प्रतिनिधियों ने सुझाव दिया कि ऐसे कमजोर जिलों के लिए विशेष योजना बनाकर इंफ्रास्ट्रक्चर विकसित किया जाए। जिला सचिवों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि पहली बार सीधे संवाद के माध्यम से समस्याओं को समझने का प्रयास किया जा रहा है।
समन्वय के साथ निकालेंगे समस्याओं का समाधान :
एडहॉक कमेटी सदस्य आशीष तिवाड़ी ने बताया कि कमेटी सभी 33 जिला संघों के साथ समन्वय स्थापित कर उनकी समस्याओं के समाधान की दिशा में कार्य कर रही है। लक्ष्य है कि बेहतर तालमेल के जरिए युवा खिलाड़ियों को अधिक अवसर और बेहतर खेल वातावरण उपलब्ध कराया जाए। वहीं अरिष्ट सिंघवी ने कहा कि अगले 10 दिनों में शेष जिलों के प्रतिनिधियों से भी संवाद किया जाएगा। प्राप्त सुझावों और फीडबैक के आधार पर राज्य के क्रिकेट इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत किया जाएगा।

Comment List