चंडीगढ़ में गत्ता बॉक्स फैक्ट्री में लगी भीषण आग : दूर-दूर तक दिखाई दी लपटें, धुएं से आसपास के क्षेत्रों में दहशत का माहौल
चंडीगढ़। केन्द्र शासित प्रदेश चंडीगढ़ के गांव दड़वा स्थित मिठाई के डिब्बे (गत्ता बॉक्स) बनाने वाली एक फैक्ट्री में सोमवार देर रात भीषण आग लग गई। आग इतनी विकराल थी कि उसकी लपटें दूर-दूर तक दिखाई देने लगीं, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। देखते ही देखते आग ने फैक्ट्री के बड़े हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया और पास स्थित चंडीगढ़ स्वीट्स तक भी फैल गई, जिससे वहां भी भारी नुकसान हुआ। घटना की सूचना मिलते ही सेक्टर-17, सेक्टर-11, रामदरबार और इंडस्ट्रियल एरिया फायर स्टेशन से दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। आग पर काबू पाने के लिए कुल नौ फायर टेंडरों को लगाया गया। दमकलकर्मियों ने दोनों ओर से मोर्चा संभालते हुए कई घंटों तक राहत एवं बचाव अभियान चलाया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार फैक्ट्री में बड़ी मात्रा में गत्ता और अन्य ज्वलनशील पैकेजिंग सामग्री रखी हुई थी, जिसके कारण आग तेजी से फैल गई। आग से उठ रहे घने धुएं ने आसपास के क्षेत्रों में दहशत का माहौल पैदा कर दिया। सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस ने इलाके को घेर लिया और लोगों की आवाजाही सीमित कर दी। सूचना मिलने पर इंडस्ट्रियल एरिया थाना प्रभारी सतनाम सिंह, डीएसपी रामगोपाल तथा क्षेत्र के पार्षद अनिल दुबे अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। अधिकारियों ने दमकल विभाग के साथ समन्वय बनाकर राहत कार्यों की निगरानी की।
जानकारी के अनुसार जिस फैक्टरी में आग लगी, वह मिठाई के डिब्बे बनाने का कार्य करती है। फैक्टरी मालिक अमृतपाल सिंह घटना के समय अपने परिवार के साथ नैनीताल गए हुए थे। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है, हालांकि वास्तविक कारणों का पता जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा। अधिकारियों के अनुसार घटना में किसी जनहानि की सूचना नहीं है, लेकिन फैक्टरी और आसपास की संपत्तियों को भारी आर्थिक नुकसान पहुंचा है। नुकसान का आकलन किया जा रहा है।

Comment List