महिला पुलिसकर्मियों से अनुचित व्यवहार का आरोप, भाजपा बोली- राहुल-प्रियंका की ‘मोहब्बत की दुकान’ की खुली कलई
प्रदर्शन के दौरान दिल्ली में अराजकता फैला रहे हैं कांग्रेस कार्यकर्ता
नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने आरोप लगाया है कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा ने बुधवार को यहां प्रदर्शन के दौरान महिला पुलिस कर्मियों के साथ अनुचित व्यवहार किया और कहा कि इससे मोहब्बत की दुकान की कलई खुल गयी है। भाजपा के राष्ट्रीय मीडिया के सह-संयोजक सिद्धार्थ यादव ने गुरुवार को पार्टी मुख्यालय में संवाददाता सम्मेलन में राहुल गांधी पर दिल्ली में अराजकता फैलाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि लोकसभा में विपक्ष के नेता और कांग्रेस नेतृत्व के द्वारा दिल्ली में अराजकता फैलायी जा रही है। उन्होंने कहा कि इस प्रदर्शन में आम जनता नहीं है। कांग्रेस कार्य कार्यकर्ता पुलिसकर्मियों पर हमला कर रहे हैं । इस दौरान उन्होंने कुछ वीडियो दिखाये और कहा कि राहुल गांधी एक महिला पुलिसकर्मी को गलत ढंग से छूने की कोशिश कर रहे हैं। उनका एक महिला पुलिसकर्मी को इस तरह से छूना अस्वीकार है और भाजपा इसकी निंदा करती है।
उन्होंने कहा कि दूसरी तस्वीर में कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने सामान्य रूप से खड़ी एक महिला पुलिसकर्मी के पेट में कोहनी मारने की कोशिश की। इसी तरह से तीसरी तस्वीर में कांग्रेस कार्यकर्ता पुलिसकर्मियों को जमीन पर गिराने की कोशिश कर रहे हैं। इस दौरान उन्होंने नेहरू-गांधी परिवार पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि आज अभी-अभी विपक्ष के नेता राहुल गांधी जिस रेस्टोरेंट में भोजन करने पहुंचे, वहां एक कश्मीरी मुस्लिम युवक को कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने बुरी तरह पीटा है। देश की राजधानी में कांग्रेस के कार्यकर्ता मारपीट कर रहे हैं। भाजपा नेता ने कहा कि 'पितृसत्ता को समाप्त करो' का नारा देने वाले राहुल गांधी और 'लड़की हूं, लड़ सकती हूं' की बात करने वाली प्रियंका गांधी वाड्रा के नारों की सच्चाई आज देश के सामने आ गयी है। उन्होंने सवाल किया कि अगर इस देश में कोई नेहरू-गांधी परिवार या वाड्रा परिवार से नहीं आता, तो क्या उसका कोई मानवाधिकार नहीं है? उन्होंने कहा कि राहुल गांधी का एजेंडा और मॉडल देश के सामने आ चुका है।
भाजपा नेता ने सवाल किया, क्या कांग्रेस की 'मोहब्बत की दुकान' ऐसी ही है? मोहब्बत की दुकान में नफरत का सामान अब देश के सामने आ गया है। उन्होंने कहा कि आज देश के सामने कांग्रेस की जो संस्कृति उजागर हुई है, उसके लिए कांग्रेस को जवाब देना होगा। यादव ने कहा कि राहुल गांधी और उनकी पार्टी के चेहरे पर लगा मुखौटा अब उतर चुका है। इस अराजकता को किसी भी तरह स्वीकार नहीं किया जा सकता और भाजपा इसकी कड़ी से कड़ी निंदा करती है। उन्होंने कहा कि क्या यही है लोकतंत्र? संविधान की दुहाई देने वाले संविधान के मूल्यों को कब पढ़ेंगे, यह देश की जनता जानना चाहती है।

Comment List