कांग्रेस का दावा, तीन महीने में 25 फीसदी तक बढ़ा रसोई का बजट, महंगाई पर सरकार को घेरा
दाल, चावल, सरसों तेल और सब्जियों की कीमतों में भारी उछाल
नई दिल्ली। कांग्रेस ने कहा है कि महंगाई सिर्फ बाजार के आंकड़ों में नहीं बढ़ रही है बल्कि इसका असर हर मध्यमवर्गीय और गरीब परिवार की रसोई में महसूस किया जा रहा है और हालात यह हो गये हैं कि त्योहारों के मौसम में रसोई का बजट तीन महीने में 25 प्रतिशत तक बढ़ गया है। कांग्रेस संचार विभाग के प्रभारी जयराम रमेश ने शुक्रवार को सोशल मीडिया एक्स पर कहा कि एक समाचार में एक गृहिणी ने बताया है कि उनकी आय केवल 35,000 रुपये है और इतनी सीमित आय में रसोई का खर्च संभालना बेहद मुश्किल हो गया है। उन्होंने सवाल किया कि क्या सरकार को अहसास है कि महंगाई के इस दौर में परिवार अपने घर का बजट कैसे संभाल रहे होंगे। उन्होंने कहा कि अरहर दाल 105 रुपये से बढ़कर 140-150 रुपये किलो, मूंग 95 रुपये से 120 रुपये, चावल 42-45 रुपये से 53-55 रुपये और सरसों तेल 165 रुपये से 190 रुपये लीटर पहुंच गया है।
रमेश ने कहा कि सरकार के आंकड़ों के अनुसार अगस्त में खाद्य महंगाई 5.95 प्रतिशत रही। प्याज 48.27 प्रतिशत, अदरक 73.82 प्रतिशत और लहसुन 43.60 प्रतिशत महंगा हुआ। दाल, मसाले, सब्जियां और तेल समेत जरूरी खाद्य वस्तुओं की कीमतों में बढ़ोतरी से आम परिवार प्रभावित है। उन्होंने कहा कि सरकार के आंकड़े बताते हैं कि घरेलू बचत घट रही है और परिवारों पर कर्ज बढ़ रहा है। आम परिवार के सामने सवाल सिर्फ बढ़ते खर्च का नहीं, बल्कि घटती बचत और सीमित आमदनी में घर चलाने का भी है। कांग्रेस नेता ने कहा कि सरकार के लिए ये आंकड़े हो सकते हैं, लेकिन जनता के लिए यह हर महीने बिगड़ता हुआ घरेलू बजट है। उन्होंने सवाल किया कि कमरतोड़ महंगाई से देशवासियों को छुटकारा कब मिलेगा।

Comment List