गोवा में 97 वैध मतदाताओं के नाम हटने पर कांग्रेस हमलावर, जयराम रमेश बोले- चुनाव आयोग अनुरोधों की अनदेखी कर रहा
ज्ञानेश कुमार के तत्काल इस्तीफे की मांग
नई दिल्ली। कांग्रेस ने कहा है कि गोवा के मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने ईसीआईनेट सॉफ्टवेयर से हटाये गये 97 वैध मतदाताओं के नाम दोबारा शामिल करने के लिए सात दिनों में आठ बार चुनाव आयोग को लिखा है लेकिन अनुरोधों की अनदेखी कर मतदाताओं के नाम बहाल नहीं किये जा रहे हैं। कांग्रेस संचार विभाग के प्रभारी जयराम रमेश ने गुरुवार को सोशल मीडिया एक्स पर कहा कि गोवा के निर्वाचन पंजीकरण अधिकारियों ने इन मतदाताओं के वैध होने की पुष्टि की थी। उन्होंने कहा कि पूरी विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) प्रक्रिया ईसीआईनेट सॉफ्टवेयर के हवाले कर दी गयी है। दिल्ली से राज्यों के करीब 12 करोड़ मतदाताओं के नाम हटा दिये हैं या हटाये जा सकते हैं।
रमेश ने कहा कि निर्वाचन पंजीकरण अधिकारियों की ईसीआईनेट सॉफ्टवेयर तक पहुंच सीमित करना गैरकानूनी केंद्रीकरण वाला कदम है जबकि जन प्रतिनिधित्व कानून, 1950 के तहत मतदाता सूची पर वैधानिक अधिकार निर्वाचन पंजीकरण अधिकारी का है। उन्होंने कहा कि नये मतदाताओं को जोड़ने के लिए फॉर्म-6 की प्रक्रिया भी कठिन कर दी गयी है। कांग्रेस नेता ने कहा कि इसके लिए मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार जिम्मेदार है और उन्हें तत्काल इस्तीफा देना चाहिए।

Comment List