विपक्ष को शांतिपूर्ण प्रदर्शन से रोका जा रहा, राहुल बोले- लोगों के साथ की मारपीट
चुनाव आयोग के लिए सद्बुद्धि की कामना
नई दिल्ली। इंडिया गठबंधन के सांसदों ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर लगातार तीसरे दिन गुरुवार को प्रदर्शन किया और राजघाट तक शांतिपूर्ण मार्च निकाला जिसमें विभिन्न दलों के नेता शामिल हुए। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी, प्रियंका गांधी के साथ ही तृणमूल कांग्रेस के अभिषेक बनर्जी और महुआ मोइत्रा, राजदल के मनोज झा तथा समाजवादी पार्टी, शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) और अन्य दलों के सांसद मार्च में शामिल हुए। इससे पहले सभी सांसदों ने यहां कनॉट प्लेस स्थित दो बड़े रेस्टोरेंट में दोपहर का भोजन किया और वहां से सीधे मार्च में शामिल होने के लिए बस से आसफ अली रोड पहुंचे। इस दौरान मार्च में शामिल कांग्रेस के कई नेता काले कपड़े पहने हुए थे। सभी नेताओं ने राजघाट पहुंचकर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की समाधि पर पुष्पांजलि अर्पित की।
चुनाव आयोग के लिए सद्बुद्धि की कामना
इंडिया गठबंधन के नेताओं ने कहा कि राजघाट में लोकसभा तथा राज्यसभा के कई सांसदों ने बापू की समाधि पर पुष्पांजलि अर्पित की एवं चुनाव आयोग के लिए सद्बुद्धि की कामना की। इन नेताओं ने कहा कि ज्ञानेश कुमार पूरे देश में जनता से वोट का अधिकार छीन रहे हैं जो उन्हें संविधान ने दिया है। वोट चोरी के खिलाफ गठबंधन के नेताओं का संघर्ष जारी रहेगा।
विपक्ष को शांतिपूर्ण प्रदर्शन से रोका जा रहा: राहुल
लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने कहा कि पिछले दो दिनों से विपक्षी दलों के सांसदों के शांतिपूर्ण प्रदर्शन को रोका जा रहा है। विपक्षी दलों के ‘लोकतंत्र बचाओ’ मार्च में करीब 300 सांसद चुनाव आयोग के कार्यालय के बाहर शांतिपूर्ण धरना देना चाहते थे, लेकिन उन्हें रोक दिया गया। दूसरे दिन जंतर-मंतर जाने से भी रोका गया तथा लोगों के साथ मारपीट की गई। इस बीच इंडिया गठबंधन के नेताओं ने मतदाता सूची के एसआईआर और चुनाव आयोग के कामकाज से जुड़े मुद्दों पर अपनी बात रखने के लिए राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से मिलने का समय मांगा है और शुक्रवार को मुलाकात का समय मिलने की उम्मीद है।

Comment List