रूस के मिसाइल हमलों से यूक्रेन में भीषण तबाही: 5 बच्चों समेत 36 लोगों की मौत, रिहायशी इलाकों को बनाया निशाना
तत्काल एंटी-बैलिस्टिक व सैन्य सहायता की जरूरत
कीव। यूक्रेन पर हुए ताजा रूसी हमलों में पांच बच्चों सहित 36 लोगों की मौत हो गयी और कई लोग बुरी तरह घायल हुए हैं। यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने सोशल मीडिया पर यह जानकारी दी। गुरुवार सुबह क्रामाटोर्स्क शहर में एक सामान्य सार्वजनिक बस स्टॉप को निशाना बनाया गया, जिसमें 12 लोगों की जान चली गयी। इसके अलावा राजधानी कीव में एक रिहायशी इमारत पर हुए हमले में दो नागरिकों की मौत हो गयी और दो बच्चों सहित चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गये। ओडेसा क्षेत्र में ड्रोन हमले से एक पशु आश्रय स्थल क्षतिग्रस्त हुआ है, जबकि ऊर्जा बुनियादी ढांचा एक बार फिर हमलों की ज़द में आया है।
इस हमले से पहले प्रिलुकी शहर में एक पांच मंजिला आवासीय इमारत पर रूस के एक घातक मिसाइल हमले के बाद चलाये जा रहे खोज एवं बचाव अभियान को पूरा कर लिया गया है। इस दर्दनाक हमले में मरने वालों की संख्या बढ़कर 22 हो गयी है, जिनमें पांच बच्चे भी शामिल हैं। राहत और बचाव कार्य के दौरान 54 लोग घायल हुए हैं, जिनमें सात बच्चे शामिल हैं। आपातकालीन सेवाओं के कर्मियों ने मुस्तैदी से काम करते हुए मलबे से 15 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला है, जिनमें एक पांच साल का बच्चा भी शामिल है।
यूक्रेनी नेतृत्व ने रूसी अपराधों के खिलाफ आवाज उठाने वाले अंतरराष्ट्रीय सहयोगियों का आभार व्यक्त किया है। यह भी कहा गया कि केवल शाब्दिक समर्थन काफी नहीं है और इसे तत्काल नये सैन्य रक्षा पैकेजों के रूप में जमीनी स्तर पर लागू किया जाना चाहिए। एंटी-बैलिस्टिक क्षमताओं की आपूर्ति, लड़ाकू विमानों के लिए गोला-बारूद और इंटरसेप्टर तकनीक में निवेश प्रतिदिन निर्दोष नागरिकों की जान बचाने में सीधे तौर पर मददगार साबित हो रहा है। अपनी रक्षा प्रणालियों को और अधिक मजबूत करने तथा ठोस परिणाम हासिल करने के उद्देश्य से यूक्रेन अपने वैश्विक साझेदारों के साथ उच्च स्तरीय वार्ता करेगा।

Comment List