शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स 800 अंक से ज्यादा उछला : आईटी को छोड़कर सभी सेक्टरों में तेजी, लाल निशान में कंपिनयों के शेयर
सूचकांक एक प्रतिशत से अधिक चढ़े
शेयर बाजार में बुधवार को जोरदार तेजी दिखी। सेंसेक्स 800+ अंक उछलकर 74,930 के करीब पहुंचा, जबकि निफ्टी 23,200 के पार चला गया। आईटी को छोड़ सभी सेक्टरों में खरीदारी रही। बैंकिंग, ऑटो और मेटल शेयर चमके। एचडीएफसी बैंक, एसबीआई, आईसीआईसीआई बैंक ने बढ़त को सहारा दिया, जबकि आईटी शेयर दबाव में रहे।
मुंबई। घरेलू शेयर बाजारों में बुधवार को लगातार दूसरे दिन तेजी का रुख देखा गया और शुरुआती कारोबार में बीएसई का सेंसेक्स 800 अंक से ज्यादा मजबूत हुआ। सेंसेक्स 483.56 अंक की बढ़त में 74,552.01 अंक पर खुला। चौतरफा लिवाली के दम पर खबर लिखे जाते समय यह 861.99 अंक (1.16 प्रतिशत) ऊपर 74,930.44 अंक पर रहा। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी-50 सूचकांक भी 152 अंक की मजबूती के साथ 23,064.40 अंक पर खुला। खबर लिखे जाते समय यह 288.80 अंक यानी 1.26 प्रतिशत चढ़कर 23,201.20 अंक पर था।
आईटी को छोड़कर अन्य सभी सेक्टरों में तेजी रही और उनके सूचकांक एक प्रतिशत से अधिक चढ़े। ऑटो, धातु, बैंकिंग, टिकाऊ उपभोक्ता उत्पाद, रसायन, रियलिटी और मीडिया सेक्टरों में ज्यादा मजबूती देखी गयी। सेंसेक्स की बढ़त में एचडीएफसी बैंक, भारतीय स्टेट बैंक, महिंद्रा एंड महिंद्रा, आईसीआईसीआई बैंक, एलएंडटी, एक्सिस बैंक और कोटक महिंद्रा बैंक का योगदान अधिक रहा। वहीं, इंफोसिस, टेक महिंद्रा, एचसीएल टेक्नोलॉजीज और टीसीएस के शेयर फिलहाल लाल निशान में हैं।

Comment List