दिल्ली एनसीआर में ठिठुरन : कोहरे के साथ खराब वायु गुणवत्ता से जनजीवन प्रभावित, भीषण शीतलहर का प्रकोप
एयरपोर्ट ने कम दृश्यता को लेकर परामर्श जारी
राष्ट्रीय राजधानी और इसके आसपास के इलाकों में सुबह भीषण शीतलहर और अचानक छाए घने कोहरे के कारण जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ। मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, दिल्ली में न्यूनतम तापमान 3.8 डिग्री रहने के साथ भीषण शीतलहर का प्रकोप जारी। सुबह के समय दिल्ली- राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में कोहरे की घनी चादर छाई रही, जो अब धीरे-धीरे छंटने लगी।
नई दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी और इसके आसपास के इलाकों में बुधवार सुबह भीषण शीतलहर और अचानक छाए घने कोहरे के कारण जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ। मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, दिल्ली में न्यूनतम तापमान 3.8 डिग्री रहने के साथ भीषण शीतलहर का प्रकोप जारी है। सुबह के समय दिल्ली- राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) में कोहरे की घनी चादर छाई रही, जो अब धीरे-धीरे छंटने लगी है। कोहरे के कारण दृश्यता में कमी देखी गयी। दिल्ली एयरपोर्ट ने कम दृश्यता को लेकर परामर्श जारी किया और यात्रियों को उड़ान की जानकारी के लिए अपनी एयरलाइन कंपनियों से संपर्क करने की सलाह दी, हालांकि विमानों का संचालन सामान्य रहा।
मौसम विभाग ने बताया कि एनसीआर में लगातार तीसरे दिन शीतलहर जारी रही और सुबह घना कोहरा छाया रहा। विभाग ने अनुमान जताया है कि ठंड का यह प्रकोप बना रहेगा और दिल्ली तथा आसपास के इलाकों में न्यूनतम तापमान सामान्य से काफी नीचे रहने की उम्मीद है। रात और सुबह के समय कोहरा छाए रहने की, जबकि दिन में आसमान मुख्य रूप से साफ रहने की उम्मीद है। इसी के साथ औसत वायु गुणवत्ता सुचकांक (एक्यूआई) 360 के आसपास रहने के साथ वायु गुणवत्ता'बहुत खराब श्रेणी में बनी रही। कुछ स्थानों पर एक्यूआई का स्तर 400 के करीब पहुँच गया।

Comment List