जेएलएन चिकित्सालय में रोबोटिक सर्जरी सुविधा शुरू, विधानसभा अध्यक्ष ने किया शुभारंभ
कॉलेज के पूर्व छात्र ने उपलब्ध कराईं 18 करोड़ की मशीनें
अजमेर। जवाहरलाल नेहरू चिकित्सालय में चिकित्सा सेवाओं के क्षेत्र में एक और ऐतिहासिक उपलब्धि जुड़ गई है। विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने अत्याधुनिक रोबोटिक सर्जरी विभाग का शुभारंभ किया। इस अवसर पर पहले ही दिन तीन मरीजों की रोबोटिक सर्जरी की गई तथा तीनों मरीज स्वस्थ हैं। मेडिकल कॉलेज के पूर्व छात्र एवं एसएसआई कंपनी के संस्थापक डॉ. सुधीर प्रेम श्रीवास्तव ने चिकित्सालय को मशीन नि:शुल्क उपलब्ध कराई है। अत्याधुनिक रोबोटिक सर्जरी प्रणाली की सुविधाओं को लेकर जवाहर लाल नेहरू चिकित्सालय राज्य में इस प्रकार की सुविधा उपलब्ध कराने वाला प्रमुख सरकारी चिकित्सा संस्थान बन गया है।
इससे अब संभाग के मरीजों को अब जटिल सर्जरी के लिए बड़े शहरों में नहीं जाना पड़ेगा। मुख्य अतिथि विधानसभा अध्यक्ष देवनानी ने कहा कि रोबोटिक सर्जरी की शुरुआत अजमेर के चिकित्सा इतिहास में मील का पत्थर साबित होगा। रोबोटिक सर्जरी के माध्यम से मरीजों का ऑपरेशन छोटे चीरे, कम दर्द और अधिक सटीकता के साथ किया जा सकेगा। इससे मरीजों की रिकवरी भी शीघ्र होगी तथा अस्पताल में भर्ती रहने की अवधि कम होगी। संभागीय आयुक्त शक्ति सिंह राठौड़ ने कहा कि रोबोटिक सर्जरी विभाग की स्थापना अजमेर के चिकित्सा क्षेत्र के लिए बहुत बड़ी उपलब्धि है।
मातृभूमि का आकर्षण खींच लाया-डॉ.श्रीवास्तव
दानदाता एवं एसएसआई कंपनी के संस्थापक डॉ.श्रीवास्तव ने कहा कि मातृभूमि का आकर्षण उन्हें अमेरिका से भारत वापस खींच लाया। उन्होंने बताया कि उन्होंने अजमेर मेडिकल कॉलेज से चिकित्सा शिक्षा प्राप्त की है, इसलिए राजस्थान की पहली रोबोटिक सर्जरी मशीन अजमेर को समर्पित करना उनके लिए गर्व का विषय है।

Comment List