आईपीएल मैचों पर करोड़ों का सट्टा : जयपुर के तीन बुकी गिरफ्तार, 2 लैपटॉप व 22 एण्ड्रॉयड मोबाइल व अन्य सामान बरामद
करोड़ों रुपयों के लेन देन का हिसाब किताब
पुलिस की स्पेशल टीम व कृष्णगंज थाना पुलिस ने संयुक्त कार्यवाही कर देर रात बालाजी नगर में आईपीएल क्रिकेट मैच में करोड़ों रुपए का सट्टा खिलाए जाने का भण्डाफोड़। पुलिस ने मामले में जयपुर के तीन बुकी भी गिरफ्तार।
अजमेर। पुलिस की स्पेशल टीम व कृष्णगंज थाना पुलिस ने संयुक्त कार्यवाही कर मंगलवार देर रात बालाजी नगर में आईपीएल क्रिकेट मैच में करोड़ों रुपए का सट्टा खिलाए जाने का भण्डाफोड़ किया है। पुलिस ने मामले में जयपुर के तीन बुकी भी गिरफ्तार किए हैं। एसपी हर्ष वर्धन अगरवाला ने बताया कि सूचना मिली कि कृष्णगंज थाना क्षेत्र स्थित बालाजी नगर निवासी ललित कुमार बदलानी के घर पर करोड़ों रुपए का क्रिकेट सट्टा चल रहा है। पुलिस टीम ने बदलानी के मकान पर दबिश देकर कमरे में लैपटॉप व मोबाइल फोनों से गुजरात टाईटन्स व सनराईजर हैदराबाद के बीच चल रहे आईपीएल मैच पर क्रिकेट सट्टे की खाईवाली-लगाईवाली करते तीन लोगों को डिटेन कर लिया। तीनों जयपुर के बुकी होना सामने आया। जांच में सामने आया कि आरोपियों ने आईपीएल क्रिकेट मैच में ब्यावर, अजमेर, जयपुर व राजस्थान के अन्य शहरों के सटोरियों से लाईन लेना व लेपटॉप में करोड़ों रुपयों के लेन देन का हिसाब किताब मिला है।
मौके से इन्हें किया गया गिरफ्तार
एसपी हर्ष वर्धन ने बताया कि गिरफ्तार आरोपितों में झूलेलाल मंदिर के पास वैधजी का चौराहा, निवारू रोड, गणेश विस्तार, जिला जयपुर निवासी मुकेश कुमार मूलचन्दानी उर्फ जुम्मा (46) पुत्र घनश्याम दास व बगरू वालों का रास्ता, हनुमान मंदिर के पास चान्दपोल बाजार, जयपुर निवासी खालिद सिसोदिया (30) पुत्र इकबाल सिसोदिया और दुकान नं.390 के ऊपर चांदपोल बाजार, जयपुर निवासी जावेद खान (40) पुत्र वाहिद खान है। आरोपितों को सट्टे के लिए मकान उपलब्ध कराने वाले ललित कुमार बदलानी की संलिप्तता की जांच की जा रही है। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से पुलिस को 2 लेपटॉप मय चार्जर, 22 मोबाइल फोन, 5 मोबाइल चार्जर मय लीड, एक वॉइस रिकोर्डर, वाई-फाई सेटअप बाक्स, एक बिजली का एक्सटेशन बोर्ड, एक हिसाब किताब की डायरी, बॉल पेन बरामद हुआ है।

Comment List