14 वर्षीय नाबालिग से गैंगरेप : नानी के घर आई थी पीड़िता, 5 आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज
आरोपी युवकों में आपस में ही विवाद एवं मारपीट
रुदावल। रुदावल थाना इलाके के एक गांव में 14 वर्षीय नाबालिग लड़की के साथ सामूहिक दुष्कर्म (गैंगरेप) करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। न्यायालय के आदेश के पर रुदावल थाना पुलिस ने 5 नामजद आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पीड़िता के पिता ने शिकायत में बताया कि उनकी 14 वर्षीय पुत्री अपनी मां के साथ ननिहाल गई हुई थी। नानी को फ्रैक्चर होने के कारण पीड़िता को देखभाल के लिए वहीं छोड़ दिया गया था। इसी दौरान गांव के ही युवक ने उससे इंस्टाग्राम पर दोस्ती कर ली। शिकायत के अनुसार रात करीब 3 बजे पीड़िता अपने ननिहाल के पाटौर में सो रही थी। तभी आरोपी अवैध कट्टा लेकर अंदर घुस आए।
उन्होंने नाबालिग के मुंह पर हाथ रख दिया और जान से मारने की धमकी देकर उसे घर के पीछे खेत की तरफ बने एक प्लॉट पर ले गए। वहां पहले से ही अन्य साथी मौजूद थे। आरोपियों ने वहां नाबालिग के साथ बारी-बारी से सामूहिक दुष्कर्म किया। इस दौरान आरोपी युवकों में आपस में ही विवाद एवं मारपीट भी हो गई। इस हैवानियत और मारपीट को देखकर पीड़िता बेहोश हो गई। होश आने पर पीड़िता किसी तरह बदहवास हालत में घर पहुंची और अपने मामा को आपबीती सुनाई। जब मामा ने इस बात का विरोध किया, तो आरोपियों के परिजनों ने उनके घर पर आकर लाठी-डंडों से मारपीट की और पथराव किया।

Comment List