शादी की खुशियां मातम में बदली : बारातियों को ले जा रही पिकअप खाई में पलटी, किशोर की मौत
आधा दर्जन से अधिक महिला-पुरुष घायल
बारातियों से भरी एक पिकअप अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में एक किशोर की मौत हो गई, जबकि आधा दर्जन से अधिक महिला एवं पुरुष घायल। दुर्घटना के बाद शादी की खुशियां मातम में बदल गईं।
नैनवां। क्षेत्र के बाछोला-चेनपुरिया मार्ग पर शुक्रवार दोपहर बारातियों से भरी एक पिकअप अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में एक किशोर की मौत हो गई, जबकि आधा दर्जन से अधिक महिला एवं पुरुष घायल हो गए। दुर्घटना के बाद शादी की खुशियां मातम में बदल गईं। पुलिस के अनुसार टोंक जिले के स्वायता गांव से बागरिया समाज की बारात गुरुवार को कांकरिया गांव गई थी।
विवाह समारोह के बाद शुक्रवार को बारात वापस लौट रही थी। इसी दौरान बाछोला-चेनपुरिया मार्ग पर पिकअप की स्टेयरिंग अचानक फेल हो गई, जिससे वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खाई में पलट गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची एवं एंबुलेंस की सहायता से घायलों को नैनवां उपजिला चिकित्सालय पहुंचाया, जहां खातीपुरा निवासी विकास पुत्र मुकेश बागरिया को मृत घोषित कर दिया।
-ये हुए गंभीर रूप से घायल
हादसे में मिंटू पत्नी रामलाल, मथुरा बाई पत्नी रामलाल, कालू बागरिया तथा पिकअप चालक राजेश पुत्र रतनलाल निवासी स्वायता गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद बूंदी रेफर किया गया। वहीं सीमा, लक्ष्मा, मेनका एवं राकेश को हल्की चोटें आने पर नैनवां चिकित्सालय में भर्ती कराया गया।घटना की सूचना मिलते ही चिकित्सालय परिसर में परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। कई महिलाएं एवं पुरुष बेसुध हो गए। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सुपुर्द कर दिया तथा मामले की जांच शुरू कर दी है।

Comment List