ऑपरेशन त्रिनेत्र की बड़ी कामयाबी : 8.33 क्विंटल डोडा चूरा जब्त, दो तस्कर गिरफ्तार
फरार हुए गिरोह के दस अन्य आरोपियों की तलाश तेज
राशमी। ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत राशमी थाना पुलिस और जिला विशेष टीम ने संयुक्त कार्रवाई में तीन लग्जरी वाहनों में 833.540 किलो डोडा चूरा जब्त किया। पुलिस ने दो तस्करों को गिरफ्तार किया है, वहीं एक आरोपी के कब्जे से अवैध पिस्टल, मैगजीन और छह जिंदा कारतूस भी बरामद हुए। पुलिस ने फरार हुए गिरोह के दस अन्य आरोपियों की तलाश तेज कर दी है। जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह ने बताया कि गुरुवार तड़के करीब 12:45 बजे थानाधिकारी रतन सिंह के नेतृत्व में राशमी थाना और डीएसटी की संयुक्त टीम तुर्किया कलां के कच्चे मार्ग पर पहुंची। इसी दौरान खेतों की ओर से एक के पीछे तीन एसयूवी वाहन आते दिखे।
पुलिस को देखकर सबसे आगे चल रही कार चालक ने वापस मुड़कर भागने का प्रयास किया, लेकिन वाहन सड़क किनारे काट कर रखी गईं लकड़ियों से टकराकर रुक गया। इसके बाद तीनों वाहनों में सवार लोग भागने लगे। पुलिस ने तत्काल घेराबंदी कर दो कार चालकों को दबोच लिया, जबकि पीछे वाली कार का चालक सहित अन्य आरोपी अंधेरे और खेतों की झाड़ियों का फायदा उठाकर फरार हो गए। पुलिस ने उनका पीछा किया,लेकिन सफलता नहीं मिली। मामले में पुलिस ने प्रहलाद पुत्र एवं रमेश को गिरफ्तार किया है। तलाशी के दौरान स्कॉर्पियो से 424 किलो 800 ग्राम तथा इनोवा से 408 किलो 740 ग्राम अफीम डोडाचूरा बरामद हुआ।

Comment List