110 वोटों ने बिगाड़ा था चुनावी गणित: आज फिर मैदान में 587 मतदाता, वार्ड 62 के भाग संख्या 23 में पुनर्मतदान; प्रत्याशी मतदाताओं की मनुहार में जुटे,
मतदाताओं में खासा उत्साह
जयपुर। 110 वोटों ने जिस बूथ पर चुनावी गणित बिगाड़ दिया था, वहां रविवार को एक बार फिर मतदाताओं की कतार लगी है। नगर निगम जयपुर के वार्ड संख्या 62 के भाग संख्या 23 में पुनर्मतदान कराया जा रहा है। टीला वाला, सांगानेर स्थित राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय के कमरा नंबर 4 में सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक मतदान होगा। बूथ पर सभी प्रत्याशी मौजूद हैं और प्रशासन के आला अधिकारियों ने भी मोर्चा संभाल रखा है।
पुनर्मतदान को लेकर मतदाताओं में भी खासा उत्साह नजर आ रहा है। मतदाता दोबारा अपने पसंदीदा प्रत्याशी के पक्ष में मतदान करने पहुंच रहे हैं। वहीं प्रत्याशी भी मतदाताओं से अपने पक्ष में वोट करने की मनुहार में जुटे हुए हैं। दरअसल, 11 सितंबर को हुए मतदान के दौरान विलोपन सूची में दर्ज 110 मतदाताओं ने भी वोट डाल दिए थे। इसके चलते मतदान की निष्पक्षता प्रभावित होने पर राज्य निर्वाचन आयोग ने पूर्व मतदान को शून्य घोषित कर दिया था। आयोग के निर्देश पर अब नए सिरे से मतदान कराया जा रहा है। इस बार केवल अधिकृत 587 मतदाता ही वोट डाल सकेंगे। पुनर्मतदान का परिणाम भी पहले मतदान के समीकरण बदल सकता है।

Comment List