एसएलबीसी राजस्थान की 169वीं बैठक : ‘विकसित राजस्थान 2047’ के लक्ष्य में बैंकों की भूमिका अहम, वित्तीय समावेशन, ऋण वितरण और साइबर सुरक्षा पर जोर
राज्य सरकार के वरिष्ठ अधिकारी एवं विभिन्न बैंकों के प्रतिनिधि मौजूद
राज्य स्तरीय बैंकर्स समिति (एसएलबीसी) राजस्थान की 169वीं बैठक में संजय वी. मुदालियर ने सभी बैंकों को गैर-बैंकिंग गांवों तक सेवाएं पहुंचाने और समयबद्ध, सुदृढ़ ऋण वितरण पर जोर। सीडी रेशियो बनाए रखने और निष्क्रिय बिजनेस कॉरेस्पॉन्डेंट घटाने का निर्देश।
जयपुर। राज्य स्तरीय बैंकर्स समिति (एसएलबीसी) राजस्थान की 169वीं बैठक जयपुर में संजय वी. मुदालियर, अध्यक्ष, एसएलबीसी एवं कार्यपालक निदेशक, बैंक ऑफ बड़ौदा की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक का संयोजन परिमिता मिश्रा, संयोजक, एसएलबीसी राजस्थान एवं महाप्रबंधक, बैंक ऑफ बड़ौदा ने किया। बैठक में कृष्ण कुणाल, सचिव ग्रामीण विकास, डॉ. रवि कुमार सुरपुर, सचिव आयोजना, शिवांगी स्वर्णकार, विशेष सचिव वित्त (बजट विभाग), प्रियंका गोस्वामी, निदेशक राज्य मिशन आजीविका परियोजना एवं एसएचजी, राकेश राजोरिया, आयुक्त महिला एवं बाल विकास विभाग, सत्येंद्र कुमार, सीईओ आरआईटीआई, सुमित मेहरदा, पुलिस अधीक्षक साइबर अपराध, रणजीव शंकर, क्षेत्रीय निदेशक भारतीय रिजर्व बैंक जयपुर, डॉ. आर. रवि बाबू, मुख्य महाप्रबंधक नाबार्ड सहित केंद्र व राज्य सरकार के वरिष्ठ अधिकारी एवं विभिन्न बैंकों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
संजय वी. मुदालियर ने कहा कि राज्य के सभी गैर-बैंकिंग गांवों तक बैंकिंग सेवाएं पहुंचाना बैंकों की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने समयबद्ध एवं सुदृढ़ ऋण वितरण पर बल देते हुए कहा कि सभी बैंकों को भारतीय रिजर्व बैंक के दिशा-निर्देशों के अनुरूप सीडी रेशियो बनाए रखना होगा तथा निष्क्रिय बिजनेस कॉरेस्पॉन्डेंट की संख्या कम करनी होगी। उन्होंने कहा कि “विकसित राजस्थान 2047” के लक्ष्य को प्राप्त करने में बैंकिंग क्षेत्र की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होगी।

Comment List