आदि कर्मयोगी अभियान से जिले के 177 गांवों का होगा कायाकल्प
गांवों का समग्र विकास सुनिश्चित
अभियान से जुड़े 17 विभागों की 25 प्रमुख गतिविधियों से इन गांवों का समग्र विकास सुनिश्चित किया जाएगा।
जयपुर। जिला कलक्टर डॉ. जितेन्द्र कुमार सोनी ने कहा कि जनजातीय कार्य मंत्रालय भारत सरकार की ओर से संचालित आदि कर्मयोगी अभियान के तहत जिले के 177 गावों का विकास किया जाएगा। जिला कलेक्ट्रेट सभागार में सोमवार को आयोजित जिला स्तरीय अभिमुखीकरण कार्यशाला की अध्यक्षता करते हुए जिला कलक्टर डॉ. सोनी ने बताया कि अभियान के तहत देशभर के जनजाति बहुल एक लाख गांवों में 20-20 व्यक्तियों को आदि कर्मयोगी, आदि सहयोगी एवं आदि साथी के रूप में चयनित किया जा रहा है। जयपुर जिले के 10 ब्लॉकों के 177 गांवों का चयन किया गया है। अभियान से जुड़े 17 विभागों की 25 प्रमुख गतिविधियों से इन गांवों का समग्र विकास सुनिश्चित किया जाएगा।
ग्राम पंचायत स्तर पर ग्रामसेवक, पटवारी, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, पशुधन सहायक, प्रधानाध्यापक, जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी एवं विद्युत विभाग का कर्मचारी, आशा कार्यकर्ता, एएनएम, साथिन, कृषि पर्यवेक्षक, वनपाल, सहकारी समिति व्यवस्थापक और राजीविका समूह की महिला अध्यक्ष को आदि कर्मयोगी की जिम्मेदारी दी गई है। ग्राम के निवासी युवा, अध्यापक, डॉक्टर, सामाजिक कार्यकर्ता, वार्ड पंच, सरपंच, स्वयंसेवी संस्था के सदस्य तथा ग्रामीण मुखिया, पटेल आदि सहयोगी व आदि साथी के रूप में चयनित किया जाएगा। आदि सेवा केन्द्र स्थापित किए गए हैं जहां शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला एवं बाल विकास, पंचायती राज, कृषि एवं अन्य विभागों के अधिकारी सप्ताह में एक दिन उपस्थित समस्याओं का समाधान करेंगे।

Comment List