रोडवेज बेड़े में जुड़ेंगी 622 नई बसें : 73 स्लीपर बसें भी आएंगी, उदयपुर को सर्वाधिक 37 बसें
पांच डिपो को एक भी नहीं
जयपुर। राजस्थान रोडवेज के बेड़े में लंबे समय बाद 622 नई अनुबंधित बसें शामिल होने जा रही हैं। रोडवेज प्रशासन ने निजी कंपनियों को बसें उपलब्ध कराने के लिए आदेश जारी किए है। करीब नौ महीने पहले 767 बसें अनुबंध पर लेने की प्रक्रिया शुरू हुई थी, लेकिन फिलहाल 622 बसें ही मिलेंगी। इनके शामिल होने से बेड़े में बसों की संख्या 3900 से अधिक हो जाएगी।
एसी, नॉन एसी और स्लीपर बसें शामिल : नई बसों में 336 नॉन एसी एक्सप्रेस, 109 नॉन एसी, 48 नॉन एसी स्लीपर, 104 एसी और 25 एसी स्लीपर बसें शामिल हैं। कुल 73 स्लीपर बसें मिलने से रोडवेज निजी स्लीपर बस संचालकों को प्रतिस्पर्धा दे सकेगा। बसें 48 डिपो को आवंटित होंगी।
उदयपुर को सबसे ज्यादा बसें : उदयपुर को 37, बीकानेर को 33, कोटा को 29, नागौर को 26, भीलवाड़ा और ब्यावर को 23-23 बसें मिलेंगी। झुंझुनूं और सिरोही को 22-22, टोंक और अनूपगढ़ को 21-21, श्रीगंगानगर को 20 तथा राजसमंद और बाड़मेर को 19-19 बसें आवंटित होंगी। जालौर-जोधपुर को 17-17, चूरू-धौलपुर को 16-16, बूंदी-कोटपूतली को 15-15 और आबूरोड, खेतड़ी, सीकर व श्रीमाधोपुर को 14-14 बसें मिलेंगी।

Comment List