पर्यटन सीजन और दीपावली से पहले परकोटे में यातायात व्यवस्था होगी सुदृढ़, वन-वे, अस्थायी पार्किंग और भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक की तैयारी
ई-रिक्शा के लिए तय होंगे मार्ग
जयपुर। आगामी पर्यटन सीजन, दशहरा-दीपावली सहित प्रमुख त्योहारों और धार्मिक-सामाजिक आयोजनों को देखते हुए जयपुर शहर, विशेषकर परकोटा क्षेत्र में यातायात प्रबंधन और पर्यटकों की सुरक्षा को लेकर मंगलवार को उच्चस्तरीय बैठक हुई। पुलिस आयुक्त सचिन मित्तल की अध्यक्षता में हुई बैठक में यातायात, नगर निगम, पर्यटन विभाग और व्यापार मंडलों के प्रतिनिधियों ने व्यवस्थाओं की समीक्षा की और व्यावहारिक समस्याओं के समाधान पर चर्चा की। पुलिस उपायुक्त उत्तर करण शर्मा ने बताया कि भीड़भाड़ और वाहनों के बढ़ते दबाव को देखते हुए प्रमुख बाजारों में आवश्यकता के अनुसार वन-वे व्यवस्था लागू करने, व्यस्त समय में भारी एवं मालवाहक वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित करने और बाजारों के निकट खाली स्थानों और मैदानों में अस्थायी या उपग्रह पार्किंग विकसित करने पर चर्चा हुई। मुख्य मार्गों पर अवैध पार्किंग रोकने के लिए टोइंग वाहन और क्रेन नियमित रूप से तैनात किए जाएंगे।
पैदल यात्रियों की आवाजाही सुगम बनाने के लिए नगर निगम और पुलिस की संयुक्त टीमें अस्थायी अतिक्रमण हटाने का अभियान चलाएंगी। दुकानों के बाहर सामान फैलाने पर रोक लगाने के लिए व्यापारी संघों से सहमति बनाई गई है। ई-रिक्शा और ऑटो के लिए जोन व निश्चित मार्ग तय करने समेत बाजारों के प्रवेश-निकास पर यात्रियों के लिए ड्रॉप-ऑफ और पिक-अप स्थल चिह्नित करने पर भी विचार हुआ।
बैठक में सीसीटीवी निगरानी बढ़ाने और अतिरिक्त होमगार्ड तैनात करने सहित व्यापारियों के सुझावों को कार्ययोजना में शामिल करने पर भी चर्चा हुई। बैठक में एडिशनल सीपी प्रदीप मोहन शर्मा, डीसीपी यातायात प्रवीण नायक,एडीसीपी सहित नगर निगम, पर्यटन विभाग और पुलिस के अधिकारियों सहित जयपुर व्यापार महासंघ के अध्यक्ष सुभाष गोयल और महामंत्री सुरेश सैनी और परकोटा क्षेत्र के कई व्यापार मंडलों के पदाधिकारी भी शामिल हुए। प्रस्तावों पर जल्द निर्णय लेकर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Comment List