भाजपा की ‘लोकतंत्र बचाओ अराजकता हटाओ’ पदयात्रा : सीएम भजनलाल, रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव सहित भाजपाइयों ने किया पैदल मार्च
जनसभा में कांग्रेस पर साधा निशाना
जयपुर। मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर कांग्रेस के विरोध के जवाब में भाजपा ने गुरुवार को जयपुर में शक्ति प्रदर्शन किया। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव, भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ और प्रदेश प्रभारी संजय भाटिया सहित पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने पहले रामलीला मैदान में जनसभा की और फिर परकोटे में पैदल मार्च निकाला। लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ पदयात्रा के नाम से निकले इस मार्च में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता शामिल हुए। मुख्यमंत्री और रेल मंत्री हाथों में तिरंगा लेकर रामलीला मैदान से त्रिपोलिया गेट तक पैदल चले।
वैष्णव बोले- कांग्रेस ने नक्सलवाद को पनपाया, मोदी सरकार ने खत्म किया
जनसभा में केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कांग्रेस पर विकास कार्यों में बाधा डालने और जनता के बीच भ्रम फैलाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार देश के विकास के लिए ऐतिहासिक काम कर रही है, लेकिन कांग्रेस और विपक्षी दल इसमें अड़चनें पैदा कर रहे हैं। जनता अब कांग्रेस की राजनीति को समझ चुकी है।
उन्होंने कहा कि आज भारत दुनिया में मजबूती के साथ खड़ा है। पहले भारत दूसरे देशों के सामने झुककर बात करता था, लेकिन अब आंखों में आंखें डालकर जवाब देता है। आतंकवाद के खिलाफ भारत की नीति में बड़ा बदलाव आया है। पहले आतंकवादी देश में घुसकर विस्फोट करते थे, लेकिन अब उन्हें उनके घर में घुसकर जवाब दिया जाता है।
वैष्णव ने कहा कि कांग्रेस ने नक्सलवाद को पनपाया और अपनों को अपनों से लड़ाने का काम किया। मोदी सरकार ने नक्सलवाद को समाप्त करने की दिशा में निर्णायक काम किया है। युवाओं को नशे से मुक्त करना भी सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने कांग्रेस नेताओं पर संविधान की किताब हाथ में लेकर उसकी भावना के विपरीत काम करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि भाजपा संसद में हर मुद्दे पर बहस के लिए तैयार है, लेकिन कांग्रेस बहस से बचती है, क्योंकि उसे अपना सच सामने आने का डर है।
भजनलाल बोले- कांग्रेस ने आपातकाल लगाया, धारा 356 का दुरुपयोग किया
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि कांग्रेस ने हमेशा अफवाह, परिवारवाद और तुष्टिकरण की राजनीति की है। लोकतंत्र का गला किसने घोंटा, यह जनता अच्छी तरह जानती है। कांग्रेस ने अपने शासनकाल में देश पर आपातकाल थोपा और धारा 356 का दुरुपयोग कर कई राज्यों की सरकारों को बर्खास्त किया।
उन्होंने अटल बिहारी वाजपेयी की सरकार का जिक्र करते हुए कहा कि एक वोट से सरकार गिरने के बाद अटलजी ने कहा था कि आज कांग्रेस हंस रही है, लेकिन भाजपा फिर बहुमत के साथ लौटेगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उनके उस सपने को पूरा किया है। आज केंद्र सरकार विकसित भारत के लक्ष्य के साथ काम कर रही है, लेकिन कांग्रेस को यह पसंद नहीं आ रहा है।
मुख्यमंत्री ने राजस्थान की राजनीति पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रदेश सरकार के दो साल पूरे होने पर उन्होंने विधानसभा में भाजपा सरकार के दो साल और कांग्रेस की गहलोत सरकार के पांच साल के कामकाज पर बहस की चुनौती दी थी, लेकिन कांग्रेस नेता सदन से भाग गए। उन्होंने कहा कि जोधपुर में कांग्रेस की सच्चाई बताने पर उसके नेता तिलमिला गए। आरपीएससी के सदस्य, तत्कालीन सरकार के मंत्री और अधिकारी पेपर लीक व जल जीवन मिशन घोटाले के मामलों में जेल गए। पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के पीएसओ का नाम भी पेपर लीक प्रकरण में सामने आया।
भजनलाल ने कहा कि कांग्रेस चुनाव हारने पर कभी चुनाव आयोग, कभी सुप्रीम कोर्ट तो कभी सेना पर सवाल उठाती है। दूसरे राज्यों में छोटे दलों से गठबंधन करने के बावजूद कांग्रेस पीछे रह गई। अब वह किस पर आरोप लगाएगी। भाजपा कार्यकर्ता जनता के बीच रहकर काम करते हैं और कांग्रेस के गलत इरादों को सफल नहीं होने देंगे।

Comment List