निकाय चुनाव के चेहरों पर मंथन : भाजपा उम्मीदवारों को फोन पर सूचना, लिस्टें आज आएंगी, देर रात फाइनल हुए प्रत्याशी
निकायवार जहां विवाद-असहमति, वहां दिन में चर्चा के बाद नाम फाइनल किए
जयपुर। राजस्थान में निकाय चुनावों को लेकर भाजपा की रविवार दोपहर तक जयपुर को छोड़कर सभी निकायों के वार्डवार दावेदारों के नामों पर चर्चा के बाद प्रत्याशी फाइनल कर दिए है। जिन निकायों में विधायको सहित अन्य नेताओं में वार्डवार चेहरों पर विवार या आपसी सहमति नहीं बनी थी, उन्हें दोपहर तक चर्चा के बाद चेहरों पर मुहर लगा दी गई।
जयपुर नगर निगम के 150 वार्डो मे चेहरों को तय करने के लिए पहले दोपहर में बैठक बुलाई थी। इस पर भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ चुनाव प्रभारी हरीश द्विवेदी व अन्य ने नाराजगी जताई। विधायको को वापस भेज दिया गया और बैठक स्थगित कर दी। रात आठ बजे विधायक तीन-तीन नामों का पैनल लेकर पहुंचे। रात तक जयपुर निगम के वार्डवार नामों पर विधायको सहित पार्टी के तैयार किए गए पैनलों पर चर्चा जारी रहीं। भाजपा ने वार्डवार सर्वे भी कराएं है।
न किसी ने चप्पल दिखाई, ना गला दबाया : परनामी
भरतपुर संभाग के चुनाव संचालन समिति के प्रभारी अशोक परनामी ने कहा है कि मेरे घर पर हुई बैठक में कोई विवाद नहीं हुआ। पता नहीं, किसने अफवाह फैला दी। न तो पूर्व विधायक राजकुमारी जाटव ने कोई चप्पल दिखाई और न ही हमारे जिला अध्यक्ष गोर्वधन सिंह ने इस प्रकार का कोई गला दबाने का काम किया। जब हम डिस्कशन में बैठते हैं तो वाद विवाद होते ही हैं। आज मैं किसी नाम पर सहमत हूं, आप सहमत नहीं हो सकते हैं। लेकिन बाद में हमेशा हम एक मत हो जाते हैं।
उम्मीदवारों को फोन से सूचना : सोमवार को नामांकन की आखिरी तारीख है। लगभग सभी निकायों में चेहरे फाइनल हो चुके हैं। लेकिर लिस्ट जारी नहीं हुई। हालांकि फाइनल लिस्ट संभाग प्रभारियों को देकर रवाना कर दिया है। संभाग प्रभारी अपने स्तर पर देर रात फाइनल चेहरों को फोन कर नाम फाइनल होने की सूचना दे रहे हैं ताकि वे तैयारी के साथ सोमवार को नामांकन दाखिल कर दें।
सिविल लाइंस कार्यकर्ताओं का प्रदर्शन :
भाजपा ऑफिस पर दोपहर में सिविल लाइंस के कुछ भाजपाई विरोध प्रदर्शन करने पहुंचे। उन्होंने विधायक गोपाल शर्मा के खिलाफ नारेबाजी करते हुए आरोप लगाया कि उन्होंने गुपचुप अपने चहेतों को सभी 16 वार्डो से नाम फाइनल कर दिए हैं। जबकि कार्यकर्ता महरूम रह गए हैं। ऐसे में निष्पक्ष रूप से नामों को तय किया जाए।
सर्वे और सहमति से उम्मीदवार भाजपा में गतिरोध नहीं : चतुर्वेदी
निकाय चुनावों में उम्मीदवारों के चयन की प्रक्रिया पूरी गंभीरता और व्यापक विचार विमर्श के साथ हुई है। शनिवार को अलवर संभाग के दो जिलों के संबंध में चर्चा हुई थी जबकि आज जयपुर सहित पूरे जयपुर संभाग के जिलों के उम्मीदवारों पर एक-एक कर विचार विमर्श किया। भाजपा विभिन्न स्तरों पर प्राप्त सर्वे के परिणामों का अध्ययन के बाद टिकट जारी करती है। सभी की राय से सर्वश्रेष्ठ उम्मीदवारों के चयन पर मुहर लगाई जाती है।
- अरुण चतुर्वेदी, पूर्व प्रदेशाध्यक्ष व वित्त आयोग अध्यक्ष
जयपुर में भाजपा का बोर्ड बनेगा, कामों के साथ मैदान में : प्रभुलाल
‘व्यापक विचार विमर्श के बाद उम्मीदवार चयन की प्रक्रिया को आगे बढ़ाया है। जयपुर के विधायकों, मंत्रियों, पूर्व विधायकों एवं पार्टी पदाधिकारियों के साथ बैठक कर सर्वसम्मति से नामों पर चर्चा की है। सभी की राय और सर्वे के आधार पर उम्मीदवारों के चयन हो रहा है। चुनावों में विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं को लेकर जनता के बीच जाएंगे। शहर के सुनियोजित विकास, बेहतर नागरिक सुविधाओं और स्वच्छ वातावरण के लिए भाजपा का स्पष्ट विजन है और जनता के आशीर्वाद से जयपुर में एक बार फिर भाजपा का बोर्ड बनेगा। भाजपा पूरी मजबूत और एकजुट है। भाजपा जो कहती है, उसे करके दिखाती है। ’ - प्रभुलाल सैनी, पूर्व मंत्री व जयपुर प्रभारी।

Comment List