मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने नीति आयोग सदस्य के साथ जिला घरेलू उत्पाद आकलन बैठक की अध्यक्षता की, विकास मॉडल पर चर्चा
क्षेत्रीय संभावनाओं को बढ़ावा मिलेगा
जयपुर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने मुख्यमंत्री निवास पर नीति आयोग के सदस्य प्रो. के. वी. राजू की उपस्थिति में जिला घरेलू उत्पाद (डिस्ट्रिक्ट डोमेस्टिक प्रोडक्ट) अनुमान विषय पर आयोजित बैठक की अध्यक्षता की। बैठक में राज्य के समग्र विकास के लिए जिला आधारित विकास मॉडल को महत्वपूर्ण बताते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि विकसित राजस्थान के लक्ष्य को हासिल करने में जिलों की आर्थिक क्षमता का सही आकलन और उसका प्रभावी उपयोग अहम भूमिका निभाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार प्रत्येक जिले और उपखंड की स्थानीय परिस्थितियों, संसाधनों, उत्पादों तथा आवश्यकताओं के अनुरूप विकास का रोडमैप तैयार कर रही है। इससे क्षेत्रीय संभावनाओं को बढ़ावा मिलेगा और संतुलित विकास सुनिश्चित हो सकेगा।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिला स्तर पर उपलब्ध संसाधनों और आर्थिक गतिविधियों का वैज्ञानिक विश्लेषण कर विकास योजनाओं को आगे बढ़ाया जाए। बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों एवं प्रदेशभर के जिला कलक्टर्स से संवाद कर जिला घरेलू उत्पाद के आकलन, स्थानीय विकास रणनीतियों और भविष्य की कार्ययोजना पर चर्चा की। नीति आयोग के सदस्य प्रो. के. वी. राजू ने भी इस विषय पर अपने सुझाव साझा किए। बैठक में राज्य की आर्थिक प्रगति को गति देने और स्थानीय स्तर पर रोजगार एवं निवेश के अवसर बढ़ाने पर विशेष जोर दिया गया।

Comment List