मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने एथेंस में भारतीय राजदूत से की मुलाकात, भारत-ग्रीस संबंधों पर चर्चा
कार्मिक प्रशासन और गवर्नेंस के क्षेत्र में द्विपक्षीय सहयोग मजबूत करने पर दिया जोर
जयपुर। राजस्थान के मुख्य सचिव एवं इंटरनेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ एडमिनिस्ट्रेटिव साइंसेज (IIAS) के अध्यक्ष वी. श्रीनिवास ने मंगलवार को एथेंस स्थित भारतीय दूतावास में ग्रीस में भारत के राजदूत रवि शंकर से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान दोनों के बीच कार्मिक प्रशासन और सुशासन के क्षेत्र में भारत-ग्रीस संबंधों को मजबूत करने पर चर्चा हुई। मुख्य सचिव की ग्रीस यात्रा के दूसरे दिन हुई इस मुलाकात में दोनों देशों के बीच प्रशासनिक सहयोग बढ़ाने और लोक प्रशासन के क्षेत्र में आपसी सहभागिता को प्रोत्साहित करने पर विचार-विमर्श किया गया। बैठक सौहार्दपूर्ण एवं रचनात्मक माहौल में हुई।
वी. श्रीनिवास 12 से 16 अक्टूबर तक एथेंस में आयोजित इंटरनेशनल एसोसिएशन ऑफ स्कूल्स एंड इंस्टीट्यूट्स ऑफ एडमिनिस्ट्रेशन (IASIA) के वार्षिक अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में भाग लेने के लिए ग्रीस के आधिकारिक दौरे पर हैं। IIAS के अध्यक्ष के रूप में वे सम्मेलन में लोक प्रशासन और गवर्नेंस से जुड़े विषयों पर अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधियों के साथ संवाद कर रहे हैं। इस यात्रा के दौरान प्रशासनिक व्यवस्था को प्रभावी बनाने, सुशासन से जुड़े अनुभव साझा करने और लोक प्रशासन के क्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय सहयोग की संभावनाओं पर भी चर्चा हो रही है।

Comment List