निकाय चुनाव : प्रचार थमा, शक्ति प्रदर्शन के साथ प्रत्याशियों ने झोंकी पूरी ताकत
जाम में फंसा शहर
जयपुर। नगर निगम जयपुर के 150 वार्डों में चल रहा चुनाव प्रचार बुधवार शाम थम गया। प्रचार के अंतिम दिन प्रत्याशियों और उनके समर्थकों ने पूरी ताकत झोंकते हुए शहरभर में रैलियां निकालकर अपना शक्ति प्रदर्शन किया। सुबह से ही अलग-अलग वार्डों में प्रत्याशियों के समर्थक ढोल-नगाड़ों और गाजे-बाजे के साथ सड़कों पर नजर आए। रैलियों के जरिए प्रत्याशियों ने मतदाताओं के बीच अपनी पकड़ और जनसमर्थन दिखाने का प्रयास किया। प्रचार के अंतिम दिन प्रत्याशियों ने घर-घर जनसंपर्क के साथ छोटी-बड़ी रैलियां निकालीं। कहीं प्रत्याशी खुली जीप में सवार होकर समर्थकों के साथ वोट मांगते नजर आए तो कहीं कार्यकर्ताओं की टोलियां हाथों में झंडे और चुनाव चिह्न लेकर नारेबाजी करती दिखाई दीं। ढोल की थाप और चुनावी नारों से कई इलाकों का माहौल पूरी तरह चुनावी रंग में रंग गया। प्रत्याशियों ने अपने पक्ष में मतदान की अपील करते हुए विकास, सड़क, सफाई, पेयजल और स्थानीय समस्याओं के समाधान को प्रमुख मुद्दा बनाया।
जाम में फंसा शहर :
एक ओर जहां प्रत्याशी शक्ति प्रदर्शन में जुटे रहे, वहीं दूसरी ओर रैलियों के कारण शहर के कई प्रमुख मार्गों पर यातायात व्यवस्था प्रभावित हुई। रैलियों के साथ चल रहे वाहनों और समर्थकों की भीड़ के चलते कई जगह वाहनों की रफ्तार थम गई और जाम की स्थिति बन गई। कार्यालयों से लौट रहे कर्मचारियों, बाजार जाने वाले लोगों और अन्य वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। कई मार्गों पर यातायात पुलिस को भी व्यवस्था संभालने के लिए मशक्कत करनी पड़ी। अब प्रचार थमने के बाद प्रत्याशियों की निगाहें घर-घर जनसंपर्क के साथ ही मतदान के दिन होने वाली तैयारियों में जुट गए हैं। प्रत्याशी अंतिम समय तक मतदाताओं को अपने पक्ष में करने के प्रयासों के बाद अब फैसला जनता के हाथ में है। शुक्रवार को मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर 150 वार्डों के प्रत्याशियों के राजनीतिक भविष्य का फैसला करेंगे।
शक्ति प्रदर्शन में जुटी भीड़ :
चुनाव प्रचार के अंतिम दिन प्रत्याशियों के लिए समर्थकों की संख्या भी प्रतिष्ठा का सवाल बनी रही। कई प्रत्याशियों ने बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं और समर्थकों को जुटाकर अपनी ताकत का अहसास कराया। रैलियों में युवाओं से लेकर महिलाएं और बुजुर्ग तक शामिल हुए। कुछ वार्डों में प्रत्याशियों ने बाजारों और प्रमुख मार्गों से होकर रैली निकाली, जिससे काफी देर तक चुनावी माहौल बना रहा।

Comment List