कांग्रेस का प्रदर्शन ‘राजनीतिक नौटंकी’, 300-400 लोगों को जुटाने से चुनाव आयोग पर असर नहीं पड़ेगा: मदन राठौड़
महिला पुलिसकर्मी के साथ व्यवहार को बताया अमर्यादित
जयपुर। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने दिल्ली में कांग्रेस के चुनाव आयोग के खिलाफ प्रदर्शन को लेकर कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को चुनाव आयोग से कोई शिकायत है तो उसे नियमानुसार समय लेकर प्रतिनिधिमंडल के साथ आयोग के अधिकारियों से मिलना चाहिए। 300-400 लोगों को लेकर प्रदर्शन करना केवल राजनीतिक नौटंकी और सुर्खियों में बने रहने का प्रयास है। राठौड़ ने कहा कि चुनाव आयोग के समक्ष शिकायत दर्ज कराने की निर्धारित प्रक्रिया है। कांग्रेस के पांच से सात लोगों का प्रतिनिधिमंडल समय लेकर आयोग से मिल सकता है और अपनी बात रख सकता है। इसके बजाय बड़ी संख्या में लोगों को लेकर प्रदर्शन करने से न तो निर्वाचन आयुक्त के खिलाफ कोई कार्रवाई होगी और न ही चुनाव प्रक्रिया पर कोई असर पड़ेगा। कांग्रेस केवल यह दिखाने का प्रयास कर रही है कि वह सक्रिय है और विरोध कर रही है।
राहुल गांधी के व्यवहार पर भी उठाए सवाल
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कांग्रेस नेता एवं लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के एक महिला पुलिसकर्मी के साथ व्यवहार पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय राजनीतिक दल के नेता का महिला पुलिसकर्मी के साथ इस तरह का व्यवहार उचित नहीं है। महिला पुलिसकर्मी की पीठ पर जिस तरह हाथ लगाया गया, वह निंदनीय है। राठौड़ ने कहा कि सार्वजनिक जीवन में रहने वाले नेताओं से मर्यादित और गरिमापूर्ण आचरण की अपेक्षा होती है। उन्होंने कहा कि मीडिया को भी राहुल गांधी के इस आचरण की निंदा करनी चाहिए। महिला पुलिसकर्मी के साथ इस तरह का व्यवहार संस्कारों और मर्यादा के अभाव को दर्शाता है।
कांग्रेस की एकजुटता के दावों पर कसा तंज
कांग्रेस नेताओं के एकजुटता के दावों पर राठौड़ ने कहा कि हम सब एक हैं, कहने की जरूरत उसी को पड़ती है, जिसके मन में संदेह होता है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के नेता केवल एक फोटो फ्रेम के लिए एक साथ खड़े हो रहे हैं। जिनके बीच मतभेद और मनभेद नहीं होते, उन्हें बार-बार अपनी एकता का प्रदर्शन करने की जरूरत नहीं पड़ती। राठौड़ ने कहा कि कांग्रेस के भीतर की वास्तविक स्थिति उसके नेताओं के बयानों और गतिविधियों से सामने आ रही है। उन्होंने कांग्रेस नेता रंधावा और सचिन पायलट से जुड़े घटनाक्रम का जिक्र करते हुए कहा कि पायलट से बयान देने के लिए कहा गया और उनके मना करने पर उन्हें पकड़कर लाने की बात सामने आई। उन्होंने सवाल किया कि क्या कांग्रेस के नेता सचिन पायलट को बच्चा समझते हैं? कांग्रेस को अपने वरिष्ठ नेताओं के सम्मान और उनकी स्वतंत्रता का ध्यान रखना चाहिए।
बोले- अस्थिरता के पीछे विदेशी साजिश हो सकती है
राठौड़ ने आरोप लगाया कि भारत में अस्थिरता पैदा करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इसके पीछे विदेशी साजिश हो सकती है और देश के कुछ नेता विदेशी ताकतों की कठपुतली बनकर काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि देश की जनता को ऐसे प्रयासों को समझना होगा और भारत की एकता, अखंडता तथा लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर करने वाले प्रयासों से सावधान रहना होगा।

Comment List