मतदान के लिए साइकिल पर निकले साइक्लिस्ट, जलमहल तक जगाई जागरूकता
स्वस्थ लोकतंत्र के लिए शत-प्रतिशत मतदान सुनिश्चित करना
जयपुर। नगरीय निकाय आम चुनाव में मतदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए जिला निर्वाचन कार्यालय जयपुर एवं राजस्थान रोड राइडर्स साइकलिंग क्लब के संयुक्त तत्वावधान में स्वीप कार्यक्रम के तहत मतदाता जागरूकता साइकिल रैली आयोजित की गई। अमर जवान ज्योति, जनपथ एसएमएस स्टेडियम से जलमहल तक निकली रैली को स्वीप प्रभारी एवं जिला परिषद सीईओ शुभम भैंसारे ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने स्वयं साइकिल चलाकर मतदान का संदेश दिया।
भैंसारे ने कहा कि जिस तरह स्वस्थ रहने के लिए साइक्लिंग जरूरी है, उसी तरह स्वस्थ लोकतंत्र के लिए मतदान बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने बताया कि 9 सितंबर को जयपुर जिले की 2 नगरपरिषद और 16 नगरपालिकाओं के 540 वार्डों तथा 11 सितंबर को जयपुर नगर निगम के 150 वार्डों में सुबह 7 से शाम 6 बजे तक मतदान होगा। उन्होंने सभी मतदाताओं से अपने मताधिकार का प्रयोग करने की अपील की। रैली में राजस्थान रोड राइडर्स के पदाधिकारी, साइक्लिस्ट और रॉबिन हुड आर्मी के सदस्य शामिल हुए।

Comment List