अशोक गहलोत ने हरिदेव जोशी पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्यालय के नए परिसर में शिफ्ट होने पर जताई प्रसन्नता
विश्वविद्यालय में एडमिशन का नया सत्र शुरू हो चुका
राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने राजधानी जयपुर में स्थित हरिदेव जोशी पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्यालय के अपने नए अकादमिक परिसर में शिफ्ट होने पर प्रसन्नता व्यक्त की है
जयपुर। राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने राजधानी जयपुर में स्थित हरिदेव जोशी पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्यालय के अपने नए अकादमिक परिसर में शिफ्ट होने पर प्रसन्नता व्यक्त की है।
गहलोत ने रविवार को सोशल मीडिया के माध्यम से कहा "यह मेरे लिए बेहद प्रसन्नता का विषय है कि हरिदेव जोशी पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्यालय अपने नए अकादमिक परिसर में शिफ्ट हो गया है। भाजपा सरकार के पिछले कार्यकाल में इसे यदि अकारण बंद नहीं किया होता तो यह विश्वविद्यालय अब तक पूर्ण रूप से स्थापित हो चुका होता। राज्य सरकार अब इस विश्वविद्यालय को उचित संसाधन उपलब्ध करवाए।"
उन्होंने कहा कि अब इस विश्वविद्यालय में एडमिशन का नया सत्र शुरू हो चुका है। अधिक से अधिक संख्या में विद्यार्थी एडमिशन लें जिससे विश्वविद्यालय तेज गति से आगे बढ़े एवं भोपाल के माखनलाल चतुर्वेदी पत्रकारिता विश्वविद्यालय की तरह आगे बढ़ सके। इसके साथ ही बाबा आम्टे दिव्यांग विश्वविद्यालय, जयपुर, महात्मा गांधी दिव्यांग विश्वविद्यालय एवं मारवाड़ मेडिकल विश्वविद्यालय, जोधपुर को स्थापित करने का काम भी तेजी से किया जाना चाहिए।

Comment List