किसानों के लिए खुशखबरी : रबी फसल सिंचाई के लिए 15 अक्टूबर से खुलेंगी नहरें, किसानों में उत्साह
बांधों में पानी की पर्याप्त आवक
जयपुर। जल संसाधन विभाग ने रबी फसल की सिंचाई के लिए 15 अक्टूबर से नहरें खोलने की तैयारी शुरू कर दी है। जिला स्तर पर जिला कलेक्टर की अध्यक्षता में नहरों के संचालन की तारीख तय की जा रही है। इस निर्णय से किसानों में उत्साह का माहौल है। इस वर्ष राज्य के प्रमुख बांधों में पानी की पर्याप्त आवक हुई है, जिससे रबी सीजन में सिंचाई की स्थिति बेहतर रहने की उम्मीद है। जवाई बांध से जुड़े क्षेत्रों में 26 अक्टूबर को पहली बार पानी छोड़ा जाएगा, जबकि बीसलपुर बांध से जुड़े किसानों को नवंबर में सिंचाई के लिए पानी देने का प्रस्ताव है।
पानी की उपलब्धता के चलते इस बार गेहूं के रकबे में करीब 4 लाख हेक्टेयर की बढ़ोतरी का अनुमान है। जल संसाधन विभाग के अधिकारियों के अनुसार, पर्याप्त जल भंडारण से रबी फसलों—विशेषकर गेहूं, चना और सरसों—की पैदावार में बढ़ोतरी की संभावना है। विभाग ने नहरों की सफाई और मरम्मत कार्यों को अंतिम चरण में बताया है, ताकि निर्धारित समय पर किसानों को सिंचाई जल उपलब्ध कराया जा सके।

Comment List