राणा प्रतापनगर स्टेशन पर गूंजी किलकारी, रेलवे टीम ने कराया सुरक्षित प्रसव
जच्चा-बच्चा दोनों स्वस्थ
जयपुर। उत्तर पश्चिम रेलवे के राणा प्रतापनगर रेलवे स्टेशन पर रेलवे चिकित्सा टीम की तत्परता और सूझबूझ से एक गर्भवती महिला का सुरक्षित प्रसव कराया गया। प्रसव के बाद जच्चा और नवजात दोनों स्वस्थ हैं। समय पर चिकित्सा सहायता मिलने से मां और बच्चे को सुरक्षित अस्पताल पहुंचाया गया। रेलवे के अनुसार, गुरुवार सुबह 10:55 बजे स्टेशन अधीक्षक को सूचना मिली कि ट्रेन संख्या 19602 से यात्रा कर रही रश्मि पत्नी रतन प्रतापसिंह, निवासी बड़गांव को प्लेटफॉर्म नंबर-2 पर तेज प्रसव पीड़ा हो रही है।
सूचना मिलते ही रेलवे अस्पताल के प्रभारी डॉ. महेश चंद मीणा के निर्देश पर एंबुलेंस सहित चिकित्सा टीम मौके पर पहुंची। टीम में स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. वीना गुप्ता, मुख्य नर्सिंग अधीक्षक राकेश शर्मा और ड्रेसर हरकेश मीणा शामिल थे। चिकित्साकर्मियों ने महिला की स्थिति को देखते हुए प्लेटफॉर्म पर ही आवश्यक चिकित्सा व्यवस्था की और सुरक्षित प्रसव कराया। इसके बाद मां और नवजात को एंबुलेंस से एमबी अस्पताल पहुंचाया गया।

Comment List