‘राज उन्नति’ की चतुर्थ बैठक में सीएम सख्त, परियोजनाएं समय पर पूरी करने के निर्देश
राज उन्नति: मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के कड़े निर्देश
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने 'राज उन्नति' की चौथी बैठक में परियोजनाओं के समयबद्ध क्रियान्वयन पर जोर दिया। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि विकास कार्यों में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई होगी। मुख्यमंत्री ने जवाबदेही और पारदर्शिता सुनिश्चित करते हुए जनहित के लंबित मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाने के निर्देश दिए।
जयपुर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री कार्यालय में आयोजित ‘राज उन्नति’ की चतुर्थ बैठक को संबोधित करते हुए अधिकारियों को परियोजनाओं के समयबद्ध क्रियान्वयन के कड़े निर्देश दिए। उन्होंने राज्य सरकार की चयनित परियोजनाओं, कार्यक्रमों एवं परिवेदनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए कहा कि सभी कार्य तय समयसीमा में पूर्ण किए जाएं। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट रूप से कहा कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग की जाए और जवाबदेही सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि जो कार्मिक अपने दायित्वों का निर्वहन गंभीरता से नहीं करेंगे, उनके विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। बैठक के दौरान विभिन्न विभागों की प्रगति रिपोर्ट पर विस्तार से चर्चा की गई और लंबित मामलों को प्राथमिकता के साथ निस्तारित करने के निर्देश दिए गए। मुख्यमंत्री ने कहा कि जनहित से जुड़े कार्यों में तेजी लाकर आमजन को त्वरित लाभ पहुंचाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों से अपेक्षा की कि वे समन्वय और पारदर्शिता के साथ कार्य करते हुए राज्य के विकास को गति प्रदान करें।

Comment List