वित्त भवन जयपुर से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित बैठक : वैभव गालरिया ने कहा- योजनाबद्ध कार्यप्रणाली से राजस्व लक्ष्य पूरे करे
शीघ्र रिपोर्ट भेजकर प्रक्रिया पूरी करें
प्रमुख शासन सचिव वैभव गालरिया ने आबकारी विभाग की समीक्षा बैठक में अधिकारियों को राजस्व लक्ष्य समय पर पूरा करने के निर्देश। आबकारी आयुक्त नमित मेहता ने बताया कि प्रदेश में 36 मदिरा दुकानों का बंदोबस्त शेष। बैठक में अवैध शराब तस्करी पर कार्रवाई तेज करने और बकाया वसूली अभियान बढ़ाने पर जोर।
जयपुर। प्रमुख शासन सचिव वित्त वैभव गालरिया ने आबकारी विभाग की समीक्षा बैठक में अधिकारियों को योजनाबद्ध तरीके से कार्य कर विभागीय राजस्व लक्ष्य समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए। वित्त भवन जयपुर से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित बैठक में वित्त सचिव राजस्व कुमारपाल गौतम, संयुक्त सचिव आबकारी वरुण मिश्रा तथा आबकारी आयुक्त नमित मेहता मौजूद रहे। गालरिया ने कहा कि जिन जिलों में मदिरा दुकानों का बंदोबस्त शेष है, वे शीघ्र रिपोर्ट भेजकर प्रक्रिया पूरी करें।
आबकारी आयुक्त नमित मेहता ने बताया कि प्रदेश में 9 क्लस्टर की 36 दुकानों का ही बंदोबस्त बाकी है और अधिकांश का निस्तारण 26 मई की नीलामी प्रक्रिया में हो जाएगा। बैठक में जोन एवं जिलेवार राजस्व लक्ष्य और राजस्व अर्जन की समीक्षा की गई। प्रमुख शासन सचिव ने अपेक्षित प्रगति नहीं होने वाले जिलों को निरोधात्मक कार्रवाई बढ़ाने और दुकानवार समीक्षा कर लिफ्टिंग बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने कोटा, हनुमानगढ़, बाड़मेर, जोधपुर, दौसा और उदयपुर में अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करने वाले अधिकारियों की सराहना की। बैठक में राजस्व बकाया वसूली अभियान को तेज करने के भी निर्देश दिए गए। आबकारी आयुक्त ने कहा कि माइक्रो मॉनिटरिंग के जरिए सभी लक्ष्यों की प्राप्ति सुनिश्चित की जाएगी।

Comment List