साढ़े सात घंटे के मेगा ब्लॉक में रेल पटरियों से सिग्नलिंग तक सुधारी व्यवस्था, ट्रैक और विद्युत उपकरणों की मरम्मत
ब्लॉक के दौरान दूरसंचार केबल भी शिफ्ट की
जयपुर। रेल यात्रियों की सुरक्षित यात्रा और निर्बाध परिचालन सुनिश्चित करने के लिए उत्तर पश्चिम रेलवे के जयपुर मंडल में जयपुर-सवाई माधोपुर रेलखंड पर 7 घंटे 30 मिनट का मेगा ट्रैफिक ब्लॉक लेकर अनुरक्षण एवं विकास कार्य किए गए। इस दौरान इंजीनियरिंग, सिग्नल एवं दूरसंचार तथा विद्युत विभाग ने समन्वय से कई महत्वपूर्ण कार्य पूरे किए।
मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन ने बताया कि रेलवे के विभिन्न विभागों ने निर्धारित कार्यों के साथ अतिरिक्त अनुरक्षण कार्य भी किए। इंजीनियरिंग विभाग ने पुलों पर आरसीसी बॉक्स लगाने और बदलने के साथ करीब चार किलोमीटर ट्रैक की टैम्पिंग की। जयपुर यार्ड में दो टर्नआउट, एक एसईजे और 240 मीटर सामान्य रेलपथ की टैम्पिंग की गई। इसके अलावा 136 मीटर रेल बदलने, पांच एसईजे में स्लीपर लगाने और पांच समपार फाटकों की ओवरहॉलिंग सहित अन्य कार्य पूरे किए गए।
सिग्नल एवं दूरसंचार विभाग ने डीपीजेड यार्ड में 23 स्थानों पर केबल शिफ्ट की। सिरस स्टेशन पर पॉइंट मशीन बदलने और तकनीकी खामियां दूर करने के साथ सांगानेर स्टेशन पर भी सिग्नलिंग संबंधी कार्य किए गए। ब्लॉक के दौरान दूरसंचार केबल भी शिफ्ट की गईं।
वहीं, विद्युत कर्षण वितरण विभाग ने तीन स्थानों पर ओवरहेड विद्युत उपकरणों के तारों को शिफ्ट कर दोबारा स्थापित किया। साथ ही 390 इंसुलेटरों की सफाई और अन्य अनुरक्षण कार्य किए गए। इन कार्यों से रेल अवसंरचना की विश्वसनीयता और परिचालन संरक्षा मजबूत होगी।

Comment List