फर्जी पट्टा बनाने वाला मुख्य आरोपी गिरफ्तार, फर्जी दस्तावेज के आधार पर प्लॉट के स्वामित्व और बिक्री से जुड़े दस्तावेज किए तैयार
फर्जी दस्तावेजों पर हस्ताक्षर कर प्लॉट का सौदा कर दिया
नारायण विहार थाना पुलिस ने जमीन हड़पने के मामले में मुख्य आरोपी 65 वर्षीय भारत संधू को गिरफ्तार किया। आरोप है कि 2023 में हनुमंत विहार के प्लॉट का 2007 का फर्जी पट्टा बनाकर स्वामित्व व बिक्री के दस्तावेज तैयार किए गए। आरोपी ने फर्जी हस्ताक्षर कर प्लॉट का सौदा भी कर डाला।
जयपुर। नारायण विहार थाना पुलिस ने शुक्रवार को फर्जी पट्टा तैयार कर भूमि के स्वामित्व और बिक्री से जुड़े दस्तावेजों में धोखाधड़ी करने वाले मुख्य आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस उपायुक्त दक्षिण राजर्षि राज ने बताया कि परिवादी बृजेश यादव ने गत 3 दिसंबर को नारायण विहार थाने में मामला दर्ज कराया था। जांच में सामने आया कि वर्ष 2023 में राजेश यादव ने भारत संधू को पांच लाख रुपए दिलाने का झांसा देकर हनुमंत विहार स्थित प्लॉट नंबर ए-70 का फर्जी पट्टा तैयार कराया। 2007 का कूटरचित पट्टा बनाकर उस पर भारत संधू की फोटो लगाई गई और बाद में उसी फर्जी दस्तावेज के आधार पर प्लॉट के स्वामित्व और बिक्री से जुड़े महत्वपूर्ण दस्तावेज तैयार किए गए।
आरोपी भारत संधू ने फर्जी दस्तावेजों पर हस्ताक्षर कर प्लॉट का सौदा अशोक कुमावत के नाम कर दिया। इसके बदले उसे करीब आठ हजार रुपए दिए। मामले में मुख्य आरोपी भारत संधू निवासी माधोराजपुरा जयपुर ग्रामीण हाल किराएदार फ्रेंड्स कॉलोनी जनपथ लाल कोठी को 17 मई को गिरफ्तार किया गया। आरोपी की उम्र 65 वर्ष बताई गई है।

Comment List