अलवर गुड्स शेड से बाजरा लदान की शुरुआत, रेलवे को मिलेंगे 1.63 करोड़ रुपए
अब तक एक रैक का लदान पूरा हो चुका
जयपुर। उत्तर पश्चिम रेलवे ने अलवर गुड्स शेड से बाजरा लदान की नई शुरुआत की है। रेलवे की बिजनेस डेवलपमेंट यूनिट के प्रयासों से शुरू हुई इस पहल से माल परिवहन को बढ़ावा मिलने के साथ रेलवे को अतिरिक्त मालभाड़ा राजस्व मिलेगा। अब तक एक रैक का लदान पूरा हो चुका है, जबकि दूसरा रैक लोड किया जा रहा है। उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन ने बताया कि पहला रैक दक्षिण रेलवे के तिरुप्पूर के लिए भेजा गया है। इसके 42 वैगनों में 2,578.80 मीट्रिक टन बाजरा लोड किया गया है। इससे करीब 82.79 लाख रुपए मालभाड़ा मिलेगा। इसकी परिवहन दूरी 2562 किलोमीटर है। दूसरा रैक दक्षिण पश्चिम रेलवे के क्याटसांद्रा गुड्स टर्मिनल के लिए लोड हो रहा है। इससे 80.46 लाख रुपए राजस्व मिलने की उम्मीद है। इसकी दूरी 2323 किलोमीटर है।
रेलवे ने दक्षिण भारत के विभिन्न गंतव्यों के लिए 10 से 12 अतिरिक्त रैक लदान की योजना बनाई है। इनमें से 3-4 रैक इसी माह लोड किए जाने की संभावना है। इससे रेलवे के राजस्व में वृद्धि के साथ व्यापारियों को माल परिवहन का बेहतर विकल्प मिलेगा।

Comment List