नगर निकाय चुनाव : विद्याधर नगर के 22 वार्डों में 27 प्रतिशत मतदान, वोटर लिस्ट में नाम तलाशने में मतदाताओं को परेशानी
कई केंद्रों पर कतारें नजर आ रही
जयपुर। नगर निकाय चुनाव के तहत विद्याधर नगर क्षेत्र के 22 वार्डों में मतदान का सिलसिला जारी है। अब तक करीब 27 प्रतिशत मतदान हो चुका है। सुबह के मुकाबले मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की आवाजाही बढ़ी है और कई केंद्रों पर कतारें भी नजर आ रही हैं। हालांकि, कुछ मतदान केंद्रों पर मतदाताओं को वोटर लिस्ट में अपना नाम तलाशने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वार्ड नंबर 14 के शांति विद्या निकेतन स्कूल स्थित मतदान केंद्र पर भी कुछ मतदाता अपने नाम की जानकारी के लिए परेशान नजर आए। एक जगह वोटर लिस्ट में नाम नहीं मिलने पर मतदाता दूसरी जगह नाम तलाशते दिखाई दिए। इससे मतदान प्रक्रिया में कुछ समय लग रहा है और मतदाताओं को इधर-उधर जाना पड़ रहा है।
मतदाताओं का कहना है कि मतदान केंद्र पर नाम की सही जानकारी आसानी से उपलब्ध हो तो प्रक्रिया और सुगम हो सकती है। हालांकि, विद्याधर नगर क्षेत्र में अब तक मतदान शांतिपूर्ण तरीके से चल रहा है। किसी बड़ी अप्रिय घटना की सूचना सामने नहीं आई है। प्रशासन और पुलिस की ओर से मतदान केंद्रों पर व्यवस्थाएं बनाए रखने के प्रयास किए जा रहे हैं। दोपहर बाद मतदान प्रतिशत में और बढ़ोतरी होने की संभावना है।

Comment List