जयपुर में बन रहा उत्खनन वस्तुओं का संग्रहालय
यहां उत्खनन से प्राप्त पुरा वस्तुओं को किया जाएगा प्रदर्शित
भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण विभाग की ओर से बनाए जा रहे संग्रहालय में बहज सहित अन्य जगहों से उत्खनन में प्राप्त विभिन्न पुरावस्तुओं को प्रदर्शित किए जाने की योजना है।
जयपुर। भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण विभाग (एएसआई) जयपुर क्षेत्र में संग्रहालय बना रहा है। एएसआई के अधिकारियों से मिली जानकारी के अनुसार मानसरोवर के पटेल मार्ग स्थित कार्यालय के प्रथम तल पर संग्रहालय बनाए जाने का कार्य चल रहा है। विभाग का जयपुर में ये ऐसा संग्रहालय होगा, जिसे हाइटेक तरीके से तैयार किया जा रहा है। संभावना जताई जा रही है कि अगस्त या सितम्बर तक इसे पर्यटकों के अवलोकनार्थ खोला जा सकता है। भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण विभाग की ओर से बनाए जा रहे संग्रहालय में बहज सहित अन्य जगहों से उत्खनन में प्राप्त विभिन्न पुरावस्तुओं को प्रदर्शित किए जाने की योजना है।
एएसआई के अधिकारियों से मिली जानकारी के अनुसार बहज में चल रहे उत्खन्न कार्य में कई ऐसी वस्तुएं प्राप्त हुई हैं, जो अपने आप में कीमती है। इन्हें प्रदर्शित करने के लिए यहां कई शोकेस बनाए जा रहे हैं। इसके अतिरिक्त करीब चार टच स्क्रीन कियोस्क लगाए जाएंगे। जिनमें इन पुरा वस्तुओं की जानकारी और इतिहास को पढ़ने का मौका मिलेगा। खासकर स्कूली बच्चों, कॉलेज विद्यार्थियों और रिचर्स स्कॉलर्स के लिए संग्रहालय में प्रदर्शित किए जाने वाली वस्तुएं काम की रहेंगी।
दिखाई जा सकती है मूवी भी
एएसआई विभाग के अधिकारियों से मिली जानकारी के अनसुार संग्रहालय में लगाई जाने वाली एलईडी टीवी में संग्रहालय और पुरा वस्तुओं को लेकर 8 से 10 मिनट की मूवी बनाई जा सकती है। इससे पर्यटकों, स्कूली बच्चों, कॉलेज विद्यार्थियों और रिसर्च स्कॉलर्स को सालों पुराने इतिहास, रहन-सहन, खानपान आदि की जानकारी पाएगी। जानकारी के अनुसार उत्खन्न में प्राप्त पुरावस्तुओं में से मुख्य-मुख्य वस्तुओं को पर्यटकों के अवलोकनार्थ प्रदर्शित किया जा सकता है। इसके बाद समय-समय पर इनके डिस्प्ले में बदलाव किया जाएगा।

Comment List