जयपुर में ‘ऑपरेशन क्लीन स्वीप’: ड्रग्स माफियाओं पर बड़ी कार्रवाई, 281 आरोपी गिरफ्तार
ऑपरेशन क्लीन स्वीप: जयपुर पुलिस का ड्रग माफिया पर बड़ा प्रहार
जयपुर पुलिस ने "ऑपरेशन क्लीन स्वीप" के तहत 157 टीमों के साथ दबिश देकर 281 अपराधियों को गिरफ्तार किया है। इस मेगा कार्रवाई में भारी मात्रा में स्मैक, गांजा और नकदी बरामद की गई। एनडीपीएस एक्ट और अन्य धाराओं में कार्रवाई कर पुलिस ने नशा तस्करों के नेटवर्क को ध्वस्त कर शहर में कानून का खौफ पैदा कर दिया है।
जयपुर। जयपुर पुलिस आयुक्तालय द्वारा शहर में मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए गए विशेष अभियान “ऑपरेशन क्लीन स्वीप” के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए कुल 281 अपराधियों को गिरफ्तार किया गया। अभियान के दौरान एनडीपीएस एक्ट, स्थानीय अधिनियमों और अन्य मामलों में कई प्रकरण दर्ज किए गए। यह कार्रवाई सचिन मित्तल (पुलिस आयुक्त, जयपुर) के मार्गदर्शन और विशेष पुलिस आयुक्त (ऑपरेशन्स) ओमप्रकाश के निर्देशन में की गई। पूरे अभियान की निगरानी पुलिस उपायुक्त (अपराध) अभिजीत सिंह द्वारा की गई।
157 टीमों ने एक साथ दी दबिश
12 मार्च 2026 को जयपुर शहर के उत्तर, दक्षिण, पूर्व और पश्चिम जिलों में 157 पुलिस टीमों ने चिन्हित स्थानों पर एक साथ दबिश दी। अभियान के तहत स्कूल, कॉलेज, अस्पताल, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन के आसपास और अन्य संदिग्ध स्थानों पर विशेष निगरानी रखी गई।
अभियान में हुई प्रमुख कार्रवाई
कुल गिरफ्तार आरोपी: 281
एनडीपीएस एक्ट में गिरफ्तार: 65
अन्य अधिनियमों में गिरफ्तार: 40
स्थायी वारंटी / इनामी अपराधी: 16
धारा 170 बीएनएसएस में गिरफ्तार: 159
इसके अलावा स्थानीय और विशेष अधिनियमों के तहत 101 नए मामले दर्ज कर 106 अपराधियों को गिरफ्तार किया गया।
ड्रग्स और नकदी भी बरामद
अभियान के दौरान सीएसटी टीम ने एनडीपीएस एक्ट के 14 प्रकरण दर्ज कर 14 आरोपियों को गिरफ्तार किया। उनके कब्जे से
11.85 ग्राम स्मैक
36 किलो 6 ग्राम गांजा
11,350 रुपये की बिक्री राशि बरामद की गई।
इसके अलावा आबकारी अधिनियम के तहत एक मामला दर्ज कर एक आरोपी को गिरफ्तार कर अवैध देशी शराब भी बरामद की गई।
पुलिस का संदेश
जयपुर पुलिस का कहना है कि शहर में कानून व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने और ड्रग्स तस्करों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए इस प्रकार के विशेष अभियान आगे भी लगातार चलाए जाएंगे, ताकि आम जनता में सुरक्षा की भावना बनी रहे और अपराधियों में कानून का भय कायम रहे।

Comment List