महाराणा प्रताप सर्किट पर 206.87 करोड़ की मुहर, NBCC से काम कराने की तैयारी
मेवाड़ के प्रमुख ऐतिहासिक और पर्यटन स्थलों का होगा एकीकृत व भव्य विकास
जयपुर। प्रदेश में महाराणा प्रताप सर्किट के विकास से जुड़े 206.87 करोड़ रुपए के प्रोजेक्ट को आगे बढ़ाने की प्रक्रिया तेज हो गई है। प्रोजेक्ट राशि के लिए वित्त विभाग ने 23 मार्च 2026 को स्वीकृति जारी की थी। इसके बाद 5 अगस्त को स्टेट प्लान हेड के तहत कार्य कराने के लिए वित्तीय स्वीकृति भी मिल गई। अब प्रोजेक्ट के क्रियान्वयन की जिम्मेदारी भारत सरकार की एजेंसी नेशनल बिल्डिंग्स कंस्ट्रक्शन कॉरपोरेशन (NBCC) को देने की तैयारी है। NBCC ने प्रोजेक्ट के क्रियान्वयन के लिए अपनी सहमति दे दी है।
प्रस्ताव के अनुसार सर्किट के निर्माण और विकास के साथ उसके मेंटेनेंस की जिम्मेदारी भी NBCC को सौंपी जा सकती है। इस संबंध में ड्राफ्ट एमओयू तैयार कर लिया गया है। NBCC को कार्यकारी एजेंसी नियुक्त करने से जुड़ी फाइल वित्त विभाग में पहुंच चुकी है। वित्त विभाग की ओर से उठाई गई आपत्तियों का संबंधित विभाग ने जवाब दे दिया है और फाइल को दोबारा विचार के लिए भेजा गया है। वित्त विभाग की मंजूरी के बाद एजेंसी नियुक्ति और एमओयू की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी। प्रोजेक्ट पूरा होने पर महाराणा प्रताप से जुड़े प्रमुख ऐतिहासिक एवं पर्यटन स्थलों को एक सर्किट के रूप में विकसित करने में मदद मिलेगी।

Comment List